संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
राजापाकर/वैशाली: आगामी 02 मई से प्रस्तावित भारत की जनगणना 2027 को लेकर प्रखंड क्षेत्र में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में प्रखंड के मॉडल हाई स्कूल में तीन पंचायत—बेरई, रामपुर रत्नाकर एवं मीरपुर पतांढ—से चयनित प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह सेंगर ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार द्वारा आयोजित जनगणना 2027 दो चरणों में संपन्न होगी। इसके प्रथम चरण के तहत 13 अप्रैल से 24 अप्रैल तक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मकान सूचीकरण, मकान गणना, परिवारों के विवरण संकलन और जनगणना प्रपत्रों के संधारण की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। साथ ही मोबाइल आधारित एप्लीकेशन के माध्यम से डिजिटल डेटा प्रविष्टि की प्रक्रिया भी समझाई जा रही है।
मास्टर ट्रेनरों ने जनगणना की प्रक्रिया, कर्मियों की भूमिका, तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जनगणना के प्रथम चरण को प्रखंड स्तर पर सटीक, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करना है।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी प्रतिभागियों से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और आगामी जनगणना कार्य को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
इस मौके पर बीपीआरओ सुधी रंजन कुमार, मास्टर ट्रेनर रूपेश कुमार, अमरेश कुमार, मनोज कुमार शर्मा, हेमंत कुमार, राजेश चंद्र, राजकुमार राम सहित प्रखंड कर्मी नितेश कुमार उपस्थित रहे।