संवाददाता – राजेन्द्र कुमार
बरांटी, वैशाली (बिहार)
08 अप्रैल 2026
वैशाली । बिहार में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए वैशाली जिले के बरांटी थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बरांटी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध देशी शराब बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है।
थानाध्यक्ष पप्पू कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दयालपुर गांव में एक घर पर छापेमारी की, जहां ईंट के चूल्हे पर अवैध देशी शराब बनाई जा रही थी। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दयालपुर निवासी अवधेश पासवान, राजमोहन पासवान तथा अर्जुन पासवान के रूप में हुई है, जिसमें अर्जुन पासवान पहले भागने में सफल रहा लेकिन पुलिस ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से करीब 10 लीटर अवैध देशी शराब और शराब बनाने के उपकरण जब्त किए।
इसके अलावा पुलिस ने काशीपुर क्षेत्र में एक अन्य कार्रवाई करते हुए स्कूटी सवार एक युवक को 20 लीटर अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र के सहदुल्लापुर निवासी अजय कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने शराब के साथ स्कूटी को भी जब्त कर लिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है और पुलिस की सख्ती से अवैध गतिविधियों पर लगाम लगने की उम्मीद जताई जा रही है।