राजापाकर / वैशाली।
गौसपुर बरियारपुर पंचायत स्थित संत बाबा राम रक्षा दास जी के मठ परिसर में बुधवार को श्री श्री 1008 विष्णु महायज्ञ एवं अष्टयाम यज्ञ को लेकर ध्वजारोहण एवं भूमि पूजन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। भूमि पूजन के साथ ही महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया।

यज्ञ संचालन समिति गौसपुर के व्यवस्थापकों गुलशन राय, उमेश राय, आलोक कुमार, भोला सिंह, रणजीत राय, मुरारी राय, अमरनाथ राय सहित अन्य सदस्यों ने बताया कि यह महायज्ञ 19 मार्च से 28 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान यज्ञ स्थल पर दर्जनों देवी-देवताओं की मूर्तियों का निर्माण किया जाएगा।

भूमि पूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। इस अवसर पर कई साधु-संत एवं महात्मा भी शामिल हुए। आयोजन को लेकर पूरे प्रखंडवासियों का भरपूर सहयोग मिल रहा है।
समाजसेवी आलोक राय ने बताया कि यह महायज्ञ समस्त प्रखंडवासियों के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी विष्णु महायज्ञ का आयोजन किया गया है, जिससे क्षेत्र में धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण हो रहा है।
10 दिनों तक चलने वाले इस महायज्ञ के दौरान श्रद्धालुओं के लिए झूले, मिठाई की दुकानें, सौंदर्य प्रसाधन की दुकानें सहित अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई है, जिससे मेला जैसा माहौल बनेगा।