Prayagraj News : प्रयागराज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मसुरियादीन पासी की प्रतिमा का किया अनावरण

IMG-20261017-WA0087
Share News

रिपोर्ट: विजय कुमार

प्रयागराज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को प्रयागराज के तेलियरगंज चौराहे पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, संविधान सभा के सदस्य और पूर्व सांसद महाशय मसुरियादीन पासी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उनके संघर्ष, स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान और समाज के वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए किए गए प्रयासों को याद किया। उन्होंने घोषणा की कि प्रतिमा स्थल वाले चौराहे का नाम महाशय मसुरियादीन पासी के नाम पर रखा जाएगा। इसके साथ ही प्रयागराज की एक प्रतिष्ठित संस्था का नाम भी उनके नाम पर रखने का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।

IMG 20261017 WA0087 scaled

मुख्यमंत्री ने कहा कि महाशय मसुरियादीन पासी ने देश की आजादी के लिए संघर्ष किया और जेल की यातनाएं सहीं। उन्होंने अपने जीवन के महत्वपूर्ण वर्ष स्वतंत्रता आंदोलन और जन-जागरण के लिए समर्पित किए। रिहा होने के बाद भी वह लगातार लोगों को जागरूक करते रहे। ऐसे महापुरुषों का सम्मान करना पूरे समाज का दायित्व है।

महापुरुषों को सम्मान देने से उज्ज्वल होगा भविष्य
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकास और विरासत पर विश्वास करने वाली सरकार महापुरुषों के योगदान को विस्मृत नहीं करती। इतिहास में कई ऐसे व्यक्तित्व रहे हैं, जिन्होंने देश और समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया, लेकिन समय के साथ उनकी स्मृतियां धुंधली पड़ गईं। सरकार ऐसे महापुरुषों की स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने के लिए कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि महापुरुषों को सम्मान देकर ही समाज आगे बढ़ सकता है। अतीत को सम्मान देने से वर्तमान बेहतर बनता है और वर्तमान के सशक्त होने से भविष्य उज्ज्वल होता है। मसुरियादीन पासी का सम्मान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के संघर्ष और बलिदान का सम्मान है।

पंडित नेहरू के साथ संसद पहुंचे थे मसुरियादीन पासी
मुख्यमंत्री ने बताया कि महाशय मसुरियादीन पासी वर्ष 1946 में उत्तर प्रदेश विधानसभा के सदस्य बने थे। स्वतंत्र भारत में वर्ष 1952 से 1972 के बीच वह चार बार लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए। मुख्यमंत्री के अनुसार, वर्ष 1952 में जब एक निर्वाचन क्षेत्र से दो सांसद चुने जाते थे, तब पंडित जवाहरलाल नेहरू और मसुरियादीन पासी एक साथ संसद पहुंचे थे।
उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने वर्ष 1871 में जरायम पेशा कानून बनाया था, जिसके कारण पासी समाज सहित कई समुदायों को सामाजिक भेदभाव और अपमान का सामना करना पड़ा। मसुरियादीन पासी और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने ऐसे भेदभावपूर्ण कानूनों के खिलाफ आवाज उठाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन प्रयासों ने वंचित और दलित समाज को सम्मानजनक जीवन तथा राष्ट्र की मुख्यधारा से जुड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

IMG 20261017 WA0088 scaled

पासी समाज के शौर्य और बलिदान को किया याद
मुख्यमंत्री ने पासी समाज के ऐतिहासिक योगदान का उल्लेख करते हुए महाराजा बिजली पासी और वीरांगना ऊदा देवी के साहस एवं पराक्रम को याद किया। उन्होंने कहा कि महाराजा बिजली पासी ने लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में किलों का निर्माण कराया था, जबकि वीरांगना ऊदा देवी ने अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष करते हुए अदम्य साहस का परिचय दिया और देश के लिए अपना बलिदान दिया।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने लखनऊ स्थित महाराजा बिजली पासी के किले के पुनरुद्धार का कार्य कराया है। साथ ही वीरांगना ऊदा देवी के नाम पर पीएसी बटालियन गठित करने और उनकी अश्वारोही प्रतिमा स्थापित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश और समाज के लिए जीवन समर्पित करने वाले महापुरुषों को उचित सम्मान मिलना चाहिए।

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने बताया ऐतिहासिक क्षण
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने महाशय मसुरियादीन पासी की प्रतिमा के अनावरण को ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों, वंचितों और समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित है। सरकार के कार्यों में महापुरुषों के प्रति आदर और सम्मान की भावना स्पष्ट दिखाई देती है। उन्होंने मसुरियादीन पासी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया।

पौत्र सचिन कुमार ने जताया आभार
महाशय मसुरियादीन पासी के पौत्र सचिन कुमार ने प्रतिमा के अनावरण को प्रयागराज ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश और देश के लिए गौरवपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने कहा कि इतिहास इस दिन को याद रखेगा, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों उनके पूर्वज की प्रतिमा का अनावरण हुआ।
उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में समाज के विभिन्न वर्गों को अवसर उपलब्ध कराने और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के प्रयासों की सराहना की। साथ ही मसुरियादीन पासी सहित पासी समाज और अन्य समुदायों के महापुरुषों की स्मृतियों को सम्मान देने के लिए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

IMG 20261017 WA0086 scaled

जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री एवं प्रयागराज के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, फूलपुर सांसद प्रवीण पटेल, महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी, बारा विधायक डॉ. वाचस्पति, फूलपुर विधायक दीपक पटेल, फाफामऊ विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, करछना विधायक पीयूष रंजन निषाद और शहर उत्तरी विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, विधान परिषद सदस्य एवं प्रवक्ता लालजी प्रसाद निर्मल, महाशय मसुरियादीन पासी की पुत्री कमला कुमारी, परिवार के अन्य सदस्य, डॉ. प्रभात ओझा तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने महाशय मसुरियादीन पासी के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

Trending News