Prayagraj News: माफिया से मुक्त जमीन पर बनेगा पद्मलोक आवास योजना का परिसर, कसारी-मसारी का नाम होगा श्रीकृष्णपुरी

IMG-20261017-WA0097
Share News

रिपोर्ट: विजय कुमार

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को प्रयागराज के कसारी-मसारी क्षेत्र में माफिया से मुक्त कराई गई जमीन पर पद्मलोक आवासीय योजना का भूमि पूजन किया। इस योजना के तहत 9,811 वर्ग मीटर भूमि पर 191 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 602 आवासों का निर्माण कराया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि कसारी-मसारी क्षेत्र को अब ‘श्रीकृष्णपुरी’ के नाम से विकसित किया जाएगा। यहां गरीब परिवारों के लिए आवास बनाने के साथ आधुनिक सुविधाओं से युक्त व्यवस्थित टाउनशिप भी विकसित की जाएगी।

IMG 20261017 WA0097 scaled

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत प्रयागराज के पीपलगांव में निर्मित 556 आवासों के लाभार्थियों को चाबियां भी वितरित कीं। कार्यक्रम में ममता, सिंधु श्रीवास्तव, कंचन सोनी, बसंती देवी, निरूपमा चक्रवर्ती, शंकरलाल कुशवाहा, प्रियंका सोनकर, ललिता पाण्डेय, रंजिता सोनकर और हरिशंकर मिश्र को प्रतीकात्मक रूप से आवास की चाबी प्रदान की गई।

माफिया से मुक्त जमीन पर गरीबों के बनेंगे आशियाने
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में विकास और बदलाव स्पष्ट दिखाई दे रहा है। कभी जिस जमीन पर माफिया और उनके गुर्गों का कब्जा था, अब उसी भूमि पर गरीब परिवारों के लिए पक्के मकान बनाए जाएंगे। सरकार ने अवैध कब्जे से जमीन मुक्त कराकर उसका उपयोग जरूरतमंद लोगों के हित में करने का संकल्प लिया है।
उन्होंने कहा कि प्रयागराज में अब कोई माफियागिरी करने का दुस्साहस नहीं करेगा। यदि कोई अपराध या अवैध कब्जे की कोशिश करेगा, तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी गुंडे या माफिया को दूसरे की संपत्ति पर कब्जा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

IMG 20261017 WA0098 scaled

मुख्यमंत्री ने कहा कि लूकरगंज के बाद अब कसारी-मसारी में भी माफिया से मुक्त कराई गई जमीन पर गरीबों को आवास उपलब्ध कराए जाएंगे। इस भूमि पर पहले अवैध कब्जा था, लेकिन सरकार ने कार्रवाई करके इसे मुक्त कराया। अब यहां जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक जीवन देने के उद्देश्य से आवासीय परियोजना विकसित की जा रही है।
पहले चरण में 602, दूसरे चरण में 598 परिवारों को मिलेंगे घर
मुख्यमंत्री ने बताया कि कसारी-मसारी में प्रस्तावित आवासीय योजना के पहले चरण में 602 परिवारों को आवास उपलब्ध कराए जाएंगे। दूसरे चरण में 598 परिवारों के लिए भी आवास बनाने की योजना है। इस प्रकार कुल लगभग 1,200 परिवारों को पक्के मकान मिल सकेंगे।
उन्होंने कहा कि जब इस परिसर में करीब छह से साढ़े छह हजार लोग निवास करेंगे, तो उनकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यहां बेहतर नागरिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। आवासीय परिसर में बाजार, पार्क, जिम, खेलकूद के लिए स्थान और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। प्रयागराज विकास प्राधिकरण इन सुविधाओं को विकसित करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों को आवास देने का अर्थ केवल सिर पर छत उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि उन्हें ऐसा वातावरण देना भी है, जहां उनके बच्चों को बेहतर सुविधाएं मिलें और पूरा परिवार सम्मान के साथ जीवन व्यतीत कर सके। सरकार बिना किसी भेदभाव के पात्र गरीब परिवारों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध करा रही है।
उन्होंने दावा किया कि आजादी के बाद पहली बार उत्तर प्रदेश में सरकार ने 65 लाख गरीब परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए हैं।

IMG 20261017 WA0095 scaled

अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रयागराज तीर्थराज है। यह भगवान अक्षयवट और महर्षि भारद्वाज की तपोभूमि होने के साथ सामाजिक समता की भी धरती है। इसके बावजूद एक समय ऐसा था, जब माफिया के आतंक के कारण लोग खुद को असुरक्षित महसूस करते थे। जमीनों पर अवैध कब्जे होते थे और महिलाओं तथा बेटियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंताएं थीं।

उन्होंने कहा कि भय और असुरक्षा के माहौल में विकास, निवेश और रोजगार की संभावनाएं प्रभावित होती हैं। इसी कारण सरकार ने अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई। सरकार का उद्देश्य प्रदेश को माफिया मुक्त बनाना और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि माफिया के अवैध साम्राज्य को ध्वस्त करने के साथ उनसे मुक्त कराई गई जमीन का उपयोग गरीबों के कल्याण के लिए किया जा रहा है। लूकरगंज में ऐसी ही जमीन पर 86 गरीब परिवारों के लिए बहुमंजिला इमारत बनाकर आवास उपलब्ध कराए जा चुके हैं। अब कसारी-मसारी में भी इसी दिशा में काम आगे बढ़ाया जा रहा है।

प्रयागराज में सड़कें, पुल और लॉ यूनिवर्सिटी के निर्माण को गति
मुख्यमंत्री ने प्रयागराज में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि महाकुंभ के दौरान शहर में बड़े पैमाने पर सड़कों का चौड़ीकरण कराया गया। इससे आवागमन सुगम हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार सुरक्षित वातावरण तैयार कर रही है, जिससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिलें, गरीबों को आवास मिले और नागरिकों को सुशासन का लाभ प्राप्त हो।

उन्होंने बताया कि शहर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में डॉ. राजेंद्र प्रसाद राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय का निर्माण भी अंतिम चरण में है। इसके साथ ही प्रयागराज में अन्य विकास परियोजनाओं को भी आगे बढ़ाया जा रहा है।

महाराजा बिजली पासी के नाम पर बनेगा आईटीआई
मुख्यमंत्री ने प्रयागराज में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के निर्माण की योजना की जानकारी देते हुए कहा कि इस संस्थान का नाम महाराजा बिजली पासी के नाम पर रखा जाएगा। उन्होंने महाराजा बिजली पासी के ऐतिहासिक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके नाम पर संस्थान का निर्माण कर उनके योगदान को सम्मान दिया जाएगा।

गंगा एक्सप्रेसवे से दिल्ली की दूरी होगी कम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयागराज अब बेहतर कनेक्टिविटी से जुड़ चुका है। शहर में एयरपोर्ट की सुविधा उपलब्ध है और गंगा एक्सप्रेसवे के माध्यम से प्रयागराज से मेरठ तथा दिल्ली की यात्रा पहले की तुलना में आसान होगी।
उन्होंने कहा कि पहले सड़क मार्ग से प्रयागराज से दिल्ली पहुंचने में 10 से 12 घंटे लगते थे, जबकि गंगा एक्सप्रेसवे के जरिए यह दूरी लगभग सात घंटे में तय की जा सकेगी। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश में हो रहे विकास और बेहतर बुनियादी ढांचे का उदाहरण बताया।

जनप्रतिनिधियों ने सरकार के विकास कार्यों की सराहना की
कार्यक्रम में प्रयागराज के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों के साथ कानून-व्यवस्था भी मजबूत हुई है। सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मूलमंत्र के साथ बिना भेदभाव के पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।

कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में बीते वर्षों के दौरान विकास तथा सुशासन को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि पद्मलोक आवास योजना के अंतर्गत गरीबों के लिए आवास निर्माण इसी बदलाव का उदाहरण है।

IMG 20261017 WA0099 scaled

शहर पश्चिम के विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि माफिया से मुक्त कराई गई जमीन पर 602 आवासों के निर्माण की शुरुआत सुशासन, सुरक्षा और विकास का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों से लोगों का भरोसा बढ़ा है और नागरिक स्वयं को पहले से अधिक सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

कार्यक्रम में सांसद प्रवीण पटेल, पूर्व सांसद विनोद सोनकर, विधायक पीयूष रंजन निषाद, गुरु प्रसाद मौर्य, दीपक पटेल, हर्षवर्धन वाजपेयी, पूजा पाल, महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी, विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Trending News