बेतिया, पश्चिमी चंपारण।
वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (VTR) क्षेत्र से एक चिंताजनक खबर सामने आई है। मैनाटांड़ प्रखंड के मानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत VTR के मानपुर वन क्षेत्र में एक बाघ का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग में भी खलबली मच गई।

सूत्रों के अनुसार, मानपुर वन क्षेत्र के पुरैनीया गांव के पश्चिम सरेह में डोहरम नदी के किनारे, मुकेश साह के गन्ना करसार के समीप तथा मानपुर–सहोदरा मुख्य सड़क के दक्षिण दिशा में बाघ का शव देखा गया। वर्ष की शुरुआत में ही VTR से इस तरह की दुखद घटना सामने आने से वन्यजीव प्रेमियों और स्थानीय ग्रामीणों में चिंता का माहौल है।

ग्रामीणों द्वारा बाघ के शव की सूचना वन विभाग को दी गई, जिसके बाद वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मानपुर रेंजर हिमांशु कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बाद ही बाघ की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
फिलहाल क्षेत्र को सुरक्षित कर लिया गया है और किसी भी प्रकार की आशंका को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी गई है।