संवाददाता – राजेन्द्र कुमार
काशीपुर, वैशाली (बिहार)
06 अप्रैल 2026
काशीपुर । बिहार के वैशाली जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेम प्रसंग के चलते एक नाबालिग लड़की अपने प्रेमी के साथ घर से नगदी और गहने लेकर फरार हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मामला बरांटी थाना क्षेत्र के काशीपुर डीह गांव का है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, काशीपुर डीह निवासी ऋषिकेश कुमार की पत्नी नीतू देवी ने इस घटना को लेकर स्थानीय थाना में आवेदन दिया है। उन्होंने बताया कि वह अपने पति के इलाज के लिए लखनऊ गई हुई थीं। घर की देखरेख के लिए अपने पिता सुरेश सिंह को घर पर छोड़ गई थीं।
बताया गया कि 1 अप्रैल की रात सभी लोग खाना खाकर सो गए। अगले दिन 2 अप्रैल की सुबह जब सुरेश सिंह उठे तो उनकी नातिन अंकिता कुमारी (उम्र लगभग 16 वर्ष) अपने बिस्तर पर नहीं थी। काफी खोजबीन के बाद जानकारी मिली कि बिदुपुर थाना क्षेत्र के रहिमापुर निवासी संतोष राय का पुत्र शुभम कुमार उसे अपने साथ भगा ले गया है।
जब परिजन लड़की के बारे में पूछताछ करने आरोपी के घर पहुंचे, तो वहां उनके साथ गाली-गलौज कर भगा दिया गया। नीतू देवी के अनुसार, उनकी बेटी घर से लगभग 50 हजार रुपये नकद और करीब 10 भर सोने के गहने लेकर गई है।
इस घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश और चिंता का माहौल है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और दोनों की तलाश जारी है।