राजापाकर: प्रधानाध्यापक सुरेंद्र प्रसाद सिंह के सेवानिवृत्त होने पर भावभीनी विदाई
संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, जहिगरा के प्रधानाध्यापक सुरेंद्र प्रसाद सिंह के सेवानिवृत्त होने के उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर में विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ अन्य विद्यालयों के शिक्षकों ने भी भाग लिया।

वरिष्ठ शिक्षक राजकुमार राय के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों ने सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक सुरेंद्र प्रसाद सिंह को पुष्पमाला, बुके एवं अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि अपने सेवाकाल के दौरान सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा विद्यार्थियों के साथ सदैव मधुर एवं आत्मीय संबंध बनाए रखा। वे एक मिलनसार, कर्तव्यनिष्ठ और अनुशासित शिक्षक होने के साथ-साथ कुशल नेतृत्वकर्ता भी रहे।

शिक्षकों ने कहा कि उनके सेवानिवृत्त होने से विद्यालय को एक अनुभवी एवं प्रेरणादायी प्रधानाध्यापक की कमी महसूस होगी। विदाई का क्षण भावुक करने वाला होता है, लेकिन उनके द्वारा दिए गए मार्गदर्शन और आदर्श हमेशा सभी के लिए प्रेरणा बने रहेंगे।
सभी ने उनके स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अन्य शिक्षकों ने कहा कि किसी भी प्रशासनिक या शैक्षणिक कार्य में कठिनाई आने पर वे हमेशा सुरेंद्र प्रसाद सिंह से सलाह लेते थे। उन्होंने अपने पूरे कार्यकाल में शिक्षकों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और विद्यार्थियों के साथ आत्मीय व्यवहार की सीख दी। उन्होंने हमेशा अच्छे कार्य करने और बड़ों का सम्मान करने की प्रेरणा दी।
समारोह में राजकुमार राय, सिकंदर पंडित, धर्मेंद्र कुमार, नीलम कुमारी, दीपक कुमार, संजय कुमार, मंटू कुमार, रजनीश कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।