Bihar News : गंडक के तेज कटाव से सिसवा मंगलपुर गांव नदी में विलीन, 35 घर ध्वस्त
संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण। योगापट्टी प्रखंड अंतर्गत सिसवा मंगलपुर गांव में गंडक नदी के तेज कटाव से भारी तबाही हुई है। नदी के कटाव के कारण गांव के करीब 35 घर ध्वस्त होकर गंडक नदी में विलीन हो गए हैं। इस बाढ़ और कटाव से लगभग 7,000 लोग प्रभावित हुए हैं।

स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, गंडक नदी के लगातार तेज कटाव के कारण प्रभावित परिवारों का आशियाना उजड़ गया है। लोगों का घर-गृहस्थी का सामान भी नदी के गर्भ में समा गया है। स्थिति से परेशान कई बाढ़ पीड़ित अपने सगे-संबंधियों के घरों में शरण लिए हुए हैं और भारी कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।

गंडक नदी के कटाव से सिसवा मंगलपुर गांव में स्थिति गंभीर बनी हुई है। कटाव के कारण प्रभावित लोगों के सामने रहने और दैनिक जरूरतों से जुड़ी कई समस्याएं उत्पन्न हो गई हैं।
हालांकि, गंडक नदी के कटाव से जिले के किन-किन प्रखंडों के कौन-कौन से गांव प्रभावित हुए हैं और इससे कितने लोग प्रभावित हुए हैं, इस संबंध में जिला प्रशासन की ओर से अब तक कोई विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है।
ग्रामीणों के बीच गंडक नदी के लगातार कटाव को लेकर चिंता बनी हुई है।