संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) राजापाकर परिसर में रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने की, जबकि संचालन समिति के सचिव एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एस.पी. उपाध्याय ने किया।

बैठक में समिति के सभी सदस्यों, स्वास्थ्य केंद्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. उपाध्याय ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि अस्पताल में अधिकांश आवश्यक दवाएं उपलब्ध हैं। चिकित्सक नियमित रूप से ओपीडी में मरीजों का परामर्श एवं उपचार कर रहे हैं। इसके अलावा डिजिटल एक्स-रे, ईसीजी तथा विभिन्न प्रकार की जांच सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
समिति अध्यक्ष एवं बीडीओ सूर्य प्रताप सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न स्वास्थ्य एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाई जानी चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें। उन्होंने समय-समय पर आयोजित स्वास्थ्य शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया।
बैठक में गर्भवती महिलाओं और प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं को विशेष प्राथमिकता देने तथा उन्हें सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सभी सुविधाओं का लाभ सुनिश्चित कराने पर भी चर्चा की गई।
बीस सूत्री अध्यक्ष अवधेश राय ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं को और बेहतर बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा उनका समय पर उपचार सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
बैठक के उपरांत समिति के सदस्यों ने स्वास्थ्य केंद्र के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया और उपलब्ध चिकित्सा उपकरणों की जानकारी ली। साथ ही आवश्यक अतिरिक्त उपकरणों की उपलब्धता के लिए जिला स्तर पर पत्राचार करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में रोगी कल्याण समिति के सदस्य महेश कुमार साह, प्रियंका कुमारी, आरती देवी, संजीत राम, अनिल कुमार, अशोक पासवान, सुनील कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।