Prayagraj News: मुक्त विश्वविद्यालय में अब प्रतिदिन होगा योगाभ्यास – प्रोफेसर सत्यकाम

Prayagraj News: Now yoga practice will be done daily in Open University - Professor Satyakam
Share News

रिपोर्ट विजय कुमार

उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज में 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस अत्यंत श्रद्धा, अनुशासन एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस वर्ष की थीम एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य को केंद्र में रखते हुए यह आयोजन स्वास्थ्य विज्ञान विद्या शाखा के तत्वावधान में त्रिवेणी सभागार, यमुना परिसर में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य सत्यकाम ने की।

IMG 20250622 WA0067 1
विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल के निर्देशन में एक विशेष पहल के अंतर्गत विश्व कीर्तिमान स्थापित करने के उद्देश्य से सामूहिक सूर्य नमस्कार योगाभ्यास में विश्वविद्यालय के सभी सदस्यों ने बढ़ चढ़ कर भागीदारी की। जिसकी रिपोर्ट राज्यपाल सचिवालय को प्रेषित की जाएगी। योग प्रोटोकॉल के अभ्यास के उपरांत विश्वविद्यालय में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के योग दिवस पर विशाखापट्टनम से दिए गए संबोधन को ऑनलाइन देखा और सुना गया ।
इस अवसर पर कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो हमें तन, मन और आत्मा की शुद्धि की ओर ले जाती है। एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य केवल एक विषय नहीं बल्कि एक वैश्विक सोच है। जिसे हम योग के माध्यम से साकार कर सकते हैं। प्रोफेसर सत्यकाम ने घोषणा की की मुक्त विश्वविद्यालय में 1 घंटे का योगाभ्यास सत्र प्रतिदिन चलता रहेगा। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभागियों को योगाभ्यास भी कराया।
योग कार्यक्रम का आरंभ प्रातः 6:30 बजे हुआ, जिसमें सामान्य योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया गया। इस योग सत्र का संचालन योग शिक्षक अमित सिंह एवं निकेत सिंह ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को सूक्ष्म व्यायाम, योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान अभ्यास की विधियों को सरल भाषा में समझाते हुए अभ्यास करवाया।
इस आयोजन में 250 से अधिक प्रतिभागी शामिल हुए। जिनमें विश्वविद्यालय के प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर, असिस्टेंट प्रोफेसर, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारीगण तथा उनके परिवारजन सम्मिलित थे। सभी ने मिलकर योग अभ्यास के साथ ही आध्यात्मिक, मानसिक व शारीरिक लाभों को आत्मसात किया।
उधर विश्वविद्यालय की तरफ से रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का सामान्य योग प्रोटोकॉल एवं सूर्य नमस्कार का अभ्यास मुविवि के योग शिक्षक अनुराग शुक्ला ने कराया ।
इसके साथ ही योग दिवस समारोह में मानव जीवन में योग की उपयोगिता विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में प्रथम विशाल भारती, द्वितीय महिमा शुक्ला एवं तृतीय रमन वर्मा एवं भाषण प्रतियोगिता में प्रथम रागिनी, द्वितीय इंद्रभान एवं तृतीय विशाल भारती को कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

Prayagraj News: Now yoga practice will be done daily in Open University - Professor Satyakam
प्रारंभ में स्वास्थ्य विज्ञान विद्या शाखा की प्रभारी प्रो. मीरा पाल ने कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम का स्वागत किया। कुलसचिव कर्नल विनय कुमार ने आभार व्यक्त किया। जनसंपर्क अधिकारी डॉ प्रभात चन्द्र मिश्र ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित यह भव्य आयोजन न केवल योग के महत्व को पुनः स्थापित करने में सफल रहा, अपितु एक वैश्विक उद्देश्य के साथ सामूहिक सहभागिता का प्रेरणादायी उदाहरण भी प्रस्तुत किया।

Trending News