संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चम्पारण।
सीओपी-डी (Community of Practice for Demand) कार्यक्रम के अंतर्गत नियमित टीकाकरण के प्रति समुदाय को जागरूक करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत राज मेहुडा में टीकाकरण जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

यह कार्यक्रम पंचायत के मुखिया विनोद कुमार सिंह के सहयोग से आयोजित किया गया। एसएसबीएस हाईस्कूल के प्रधानाचार्य चार्ली रसायल एवं पंचायत के सभी वार्ड सदस्यों ने संयुक्त रूप से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली के माध्यम से पंचायत के विभिन्न गांवों एवं टोलों में नियमित टीकाकरण, एमसीपी (Mother and Child Protection) कार्ड के महत्व तथा बच्चों को समय पर सभी आवश्यक टीके दिलाने का संदेश दिया गया।
जागरूकता रैली में एसएसबीएस हाईस्कूल के प्रधानाचार्य चार्ली रसायल, विद्यालय के शिक्षकगण, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सेविकाएं, सीएम जीविका दीदियां तथा बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के दौरान लोगों को बच्चों के पूर्ण टीकाकरण, स्वास्थ्य सुरक्षा तथा एमसीपी कार्ड के नियमित उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में सीओपी-डी के जिला समन्वयक उमेश तिवारी, सहायक जिला समन्वयक रामजीत वर्मा, फील्ड समन्वयक वेदप्रकाश निराला एवं खुशी कुमारी भी उपस्थित रहे। सभी ने समुदाय से अपील की कि प्रत्येक बच्चे का समय पर पूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित करें और स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
कार्यक्रम पंचायत स्तर पर जनसहभागिता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान नियमित टीकाकरण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने और सकारात्मक संदेश पहुंचाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल बताया गया।