Etawah News: बीती रात जनपद महोबा निवासी एक 25 वर्षीय युवक का शव रेलवे लाइन पर पाया गया
संवाददाता आशीष कुमार
जसवंतनगर क्षेत्र के थाना बलरई में बीती रात जनपद महोबा निवासी एक 25 वर्षीय युवक का शव रेलवे लाइन पर पाया गया जिसका सिर धड़ से अलग था। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। बलरई पुलिस के मुताबिक मृतक स्थानीय एक ईंट भट्टे पर मजदूरी का कार्य करता था।
विवरण के अनुसार एमसीआर टूंडला से रात 11 बजे के आसपास सूचना प्राप्त हुई कि भदान -बलरई स्टेशन के मध्य किलोमीटर नंबर 1183/14 बीवामऊ के पास रेलवे लाइन पर कोई शव पड़ा हुआ है। सूचना पर घटनास्थल पर पहुंचे इंजीनियरिंग स्टाफ ट्रैकमैन रामअवतार मीणा, ट्रेकमैन दीपक कुमार व 112 नंबर पुलिस की गाड़ी पहुंची और रात 1:30 बजे बलरई थाना पुलिस से कांस्टेबल अंकुर कुमार व शुभम चौधरी पहुंचे जिनके द्वारा मृतक के शव की तलाशी ली गई तो रेलवे का टिकट आदि व कोई पहचान पत्र नहीं मिला। घटनास्थल पर मृतक का शव डाउन ट्रैक के बीच पैर उत्तर दिशा तथा गर्दन दक्षिण साइड धड़ से अलग थी। मृतक की उम्र लगभग 25 वर्ष रही होगी। शिकोहाबाद आरपीएफ प्रभारी कुंज बिहारी शुक्ला भी घटनास्थल पहुंचे।
थाना बलरई के कार्यवाहक थानाध्यक्ष महेंद्र गौतम ने बताया कि रेलवे लाइन पर मिले शव की शिनाख्त हो गई है। उक्त मृत युवक अजय पुत्र डबरू निवासी ग्राम बेलगांव थाना जलालपुर जनपद महोबा का निवासी था जो यहां बीवामऊ के पास एक ईंट भट्ठे पर काम करता था उसकी मृत्यु ट्रेन से टकरा जाने से हुई है। मृतक के शव को मोर्चरी भेजा गया है।