संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिम चंपारण। बगहा पुलिस जिला अंतर्गत कौटिल्य हॉस्टल में छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में शनिवार को वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा संतपुर सोहरिया पंचायत के करमहवा टोला स्थित मृतक छात्र के घर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा हरसंभव न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
मृतक छात्र क्रिश कुमार के पिता गोपाल शर्मा ने विधायक को घटना की पूरी जानकारी देते हुए अपनी पीड़ा साझा की। इस दौरान विधायक ने कहा कि घटना की जानकारी मिलने के समय वह पटना में एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल थे। वहीं से उन्होंने दूरभाष के माध्यम से प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क कर मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया था।

विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि कानून अपना काम करेगा और आरोपी जल्द गिरफ्तार किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए वह पूरी मजबूती से उनके साथ खड़े हैं तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कराने के लिए लगातार प्रशासन के संपर्क में हैं।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी विनय कुशवाह, बिट्टु कुमार, जितेंद्र यादव, अमर कुशवाह, रंजीत कुमार, अन्नू, आलंगीर गद्दी, शम्भु मुखिया, संगम राव, सुमन कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने मृतक छात्र के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की।