संवाददाता: रिषिपाल सिंह
इटावा।
इटावा-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बख्तयारपुर टोल प्लाजा पर बीती रात एक कार चालक द्वारा उत्पात मचाने का मामला सामने आया है। घटना के दौरान टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार चालक ने टोल प्लाजा के बैरियर को तोड़ते हुए तेज रफ्तार में कई बार अपनी गाड़ी को टोल से पार किया। चालक की इस हरकत से मौके पर मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों में भय का माहौल पैदा हो गया।
टोल प्लाजा पर तैनात कर्मचारियों ने बताया कि उन्होंने सुरक्षा कारणों से वाहन को रोकने का प्रयास नहीं किया, क्योंकि इससे गंभीर दुर्घटना होने की आशंका थी।
घटना की पूरी तस्वीर टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। इसके आधार पर टोल कर्मचारियों द्वारा थाना चौबिया में शिकायत दर्ज कराई गई।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।