आशीष कुमार
इटावा: विकास खण्ड जसवंतनगर बलरई रोड पर राजपुर नहर पुल समीप एक मारुति वैन को किसी अज्ञात कार ने जोरदार टक्कर मार दी जिससे वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई जबकि उसमें सवार पांच लोग घायल हो गए। विवरण के अनुसार औरैया जनपद के अछल्दा क्षेत्र के वैलीपुर गांव निवासी अनिल कुमार पुत्र शिवबीर अपनी मारुति वैन यूपी 75 वी 5504 से यहां अपनी रिश्तेदारी नगला तौर में जा रहे थे।

वैन दोपहर करीब 12 बजे राजपुर पुल समीप हल्की मोड़ से जैसे ही गुजरी कि सामने की ओर से तेज गति अज्ञात कार ने जोरदार टक्कर मार दी जिससे मारुति वैन में लगा बीच का गेट और सामने का शीशा बुरी तरह टूट गया और वैन पलटते पलटते बच गई। वैन में सवार दो महिलाओं समेत पांचों लोग घायल हो गए। आगे बैठे वैन चालक पुत्र व पिता दोनों लोगों को ज्यादा चोट बताई गई हैं। दुर्घटना का कारण सड़क के दोनों ओर पड़ी बंबे की सिल्ट बताई जा रही है जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। दुर्घटना की सूचना थाना बलरई पुलिस को दी गई तो पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया है।