जनवाद संवाददाता
इटावा : चकरनगर प्रथम जिला पंचायत सदस्य सीट पर सोमवार को विवाद खड़ा हो गया। सपा व भाजपा प्रत्याशियों ने अपनी-अपनी जीत के दावे कर दिए। उसके बाद कचहरी में दोनों पक्षों के लोग अपर जिलाधिकारी जय प्रकाश के यहां जीत का दावा करने के लिए आ गये। अपर जिलाधिकारी ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद दोबारा मतगणना कराने के निर्देश जारी कर दिए। इस सीट पर सपा की शैलेष कुमारी चौहान व भाजपा की प्रभा देवी चुनाव मैदान में थी। दोपहर में डीएम आवास पर सपा व पुलिस के बीच जमकर धक्का मुक्की हुई।
सूचना मिलने पर एडीजी जोन भानु भाष्कर भी मौके पर पहुंच गये थे। सपा कार्यकर्ता जिलाधिकारी श्रुति सिंह से उनके आवास पर मिलना चाहते थे लेकिन जिलाधिकारी उनसे नहीं मिलीं। भाजपा उम्मीदवार प्रभा देवी का कहना है कि वह 500 वोट से जीत गई जबकि सपा उम्मीदवार शैलेष कुमारी ने कहा कि वह रविवार शाम को ही 309 वोट से जीत गई थीं। सोमवार सुबह उन्हें प्रमाण पत्र देने के लिए कहा गया था। सुबह जब कचहरी आए तो प्रभा देवी ने आपत्ति दाखिल कर दी। इसी बीच मामला राजनीतिक हो गया और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अभिषेक यादव, सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव यादव अपने समर्थकों के साथ कचहरी पहुंच गये।
वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष अजय प्रताप धाकरे, जिला महामंत्री प्रशांत राव चौबे, शिवाकांत चौधरी, अरुण कुमार गुप्ता अन्नू, चक्रेश जैन भी कचहरी पहुंच गये। दोनों पक्षों को एडीएम ने दोपहर एक बजे कोर्ट में बुलाया उसके बाद तीन बजे का समय फैसले के लिए तय कर दिया। इसी बीच सपा समर्थकों की कचहरी में भीड़ बढ़ते देख सीओ सिटी राजीव प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गये और सभी कार्यकर्ताओं को बाहर कर दिया। हालांकि इसको लेकर सपा कार्यकर्ताओं की हाय हुज्जत भी पुलिस से हुई और डीएम चौराहा पर छीनाझपटी हो गई। इसी बीच सपा कार्यकर्ता चले गये। अपर जिलाधिकारी जयप्रकाश ने बताया कि दोबारा मतगणना के आदेश दे दिये गये हैं। मतगणना सोमवार शाम से ही शुरू कर दी गई है।
एसएसपी डा. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि धारा 144 के उल्लंघन में कुछ लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है वहीं सीओ सिटी राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि 15-16 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्हें पुलिस लाइन्स ले जाया गया है। चुनाव में धांधली का आरोप लगाया मतगणना को लेकर भाजपा व सपा दोनों ही दलों ने धांधली का आरोप लगाया। भाजपा जिलाध्यक्ष अजय प्रताप धाकरे ने कहा कि उनकी प्रत्याशी प्रभा देवी चुनाव जीत रही हैं और मतगणना में धांधली की गई है। इसी को लेकर उन्होंने दोबारा मतगणना की मांग की थी। वहीं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अभिषेक यादव ने कहा कि दोबारा मतगणना की मांग उन्हें स्वीकार नहीं है।