बेतिया में दिशा समिति की बैठक सम्पन्न, सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने योजनाओं की गहन समीक्षा की
Bihar News | बेतिया / पश्चिमी चंपारण
सांसद-सह-अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभागार, बेतिया में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक की शुरुआत में उप विकास आयुक्त द्वारा पिछली दिशा बैठक की कार्यवाही एवं अनुपालन प्रतिवेदन सदन के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं—जन-जन स्वास्थ्य मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी), स्वच्छ भारत मिशन, अटल अमृत योजना, पीएम कुसुम योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, समग्र शिक्षा अभियान, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, अल्पसंख्यक कल्याण, खेलो इंडिया सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
माननीय अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “विकास योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए।” उन्होंने प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण केंद्रों को शीघ्र क्रियाशील करने, नगर निकाय क्षेत्रों में पीएचईडी द्वारा संचालित जलापूर्ति योजनाओं की अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा ऑनलाइन शिकायतों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया।
उन्होंने चनपटिया नगर पंचायत क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्रों के सुचारू संचालन, बैरिया प्रखंड के पखनाहा स्थित पीडी रिंग बांध के समीप अवैध खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने एवं नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश जिला खनन पदाधिकारी को दिए। साथ ही बीएसएनएल को ऑप्टिकल फाइबर बिछाने की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।
खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देते हुए नरकटियागंज एवं हरनाटांड़ में फुटबॉल एक्सीलेंस सेंटर हेतु भूमि उपलब्ध कराने तथा बगहा में केन्द्रीय विद्यालय स्थापना की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान सिविल सर्जन को अनुमंडलीय अस्पताल नरकटियागंज का निरीक्षण कर चिकित्सीय सुविधाओं को सुदृढ़ करने को कहा गया। वहीं ग्रामीण कार्य विभाग को सड़क निर्माण में गुणवत्ता मानकों के कड़ाई से पालन एवं क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मति के निर्देश दिए गए।
बैठक में सांसद सुनील कुमार ने बगहा-बेलवनिया पुल, मदनपुर-पनियहवा सड़क, नरकटियागंज अस्पताल की व्यवस्था सुधार, सेमरा रेफरल अस्पताल में चिकित्सकों की तैनाती तथा धमौरा सोलर प्लांट को पुनः चालू करने जैसे अहम मुद्दे उठाए।
जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने कहा कि जिले में संचालित सभी योजनाओं को पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्ध तरीके से लागू करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में विधायक राम सिंह, संजय पाण्डेय, नंदकिशोर राम, विधान पार्षद सौरभ कुमार, आफाक अहमद, भीष्म सहनी, उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।