संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया। बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए पश्चिम चंपारण जिले में उत्पाद विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक श्रीमती सीमा चौरसिया के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। इस अभियान में 21 शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि भारी मात्रा में देशी चुलाई शराब, विदेशी शराब एवं अर्द्धनिर्मित शराब बरामद कर नष्ट की गई।
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि 7 मई 2026 को मझौलिया थाना क्षेत्र के सरिसवा बाजार, धोकराहां तथा नौरंगिया थाना अंतर्गत मदनपुर जंगल समेत कई संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरा और स्निफर डॉग की सहायता से सघन छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान 4670 किलोग्राम जावा-गुड़ का घोल एवं 349 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद हुई, जिसे मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया।
इसी क्रम में नौतन थाना क्षेत्र के बरियारपुर और पाठक बाजार में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर मुखदेव यादव एवं रंजीत कुमार को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 9 लीटर देशी शराब, 8.640 लीटर विदेशी शराब तथा एक अन्य मोटरसाइकिल से 7.560 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। उत्पाद विभाग ने संबंधित अभियुक्तों के खिलाफ कांड संख्या 691/26, 692/26 एवं 693/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मुफ्फसिल बेतिया थाना क्षेत्र के बरवत बैराठ माई मंदिर के समीप भी उत्पाद टीम ने कार्रवाई करते हुए मुन्ना कुमार नामक युवक को गिरफ्तार किया। उसके पास से 2.190 लीटर 8 PM टेट्रा पैक विदेशी शराब बरामद हुई। वहीं भैरोगंज थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव से जलेन्द्र सहनी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई।
उत्पाद विभाग की टीम ने बेतिया, नरकटियागंज, बगहा और रामनगर अनुमंडल क्षेत्रों में लगातार छापेमारी अभियान चलाकर मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 37 के तहत कुल 21 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। विभाग का कहना है कि शराब कारोबारियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।