संवाददाता : मोहन सिंह
स्थान : बेतिया, पश्चिमी चंपारण (बिहार)
दिनांक : 20 मार्च 2026
पश्चिमी चंपारण जिले के बैरिया थाना क्षेत्र के भितहा मठिया गांव में शुक्रवार की सुबह पारिवारिक जमीन विवाद में हुए हिंसक हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतक की पहचान 40 वर्षीय विजय पटेल के रूप में हुई है। वहीं अखिलेश पटेल और कमलेश पटेल गंभीर रूप से जख्मी हैं, जिनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे घर की जमीन के बंटवारे को लेकर परिवार के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते यह विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि पिता और उनके बेटों ने मिलकर अपने ही परिजनों पर धारदार हथियार और भाले से हमला कर दिया।
हमले के दौरान अखिलेश पटेल के पेट में भाला लग गया, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई। घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने विजय पटेल को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद गांव में दहशत और मातम का माहौल है। सभी आरोपी वारदात के बाद फरार हो गए।
सूचना मिलने पर बैरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, जिनकी जांच से घटना की सच्चाई सामने आ सकती है।