संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।
जिलाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

इस दौरान वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम, फॉर्मर रजिस्ट्री, राजस्व महाअभियान, डिग्री कॉलेज निर्माण, फायर सेफ्टी ऑडिट सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं एवं कार्यों की अद्यतन स्थिति पर चर्चा हुई।
बैठक में नगर आयुक्त, नगर निगम बेतिया सुश्री शिवाक्षी दीक्षित, अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय पदाधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि फॉर्मर रजिस्ट्री एवं राजस्व महाअभियान की नियमित मॉनिटरिंग एवं फॉलोअप सुनिश्चित करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति की जाए। उन्होंने कहा कि वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम केंद्र एवं राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है, इसलिए इसके अंतर्गत संचालित सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए।
जिलाधिकारी ने डिग्री कॉलेज निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रक्रियाओं का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
बैठक में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जिले के सभी सरकारी एवं निजी संस्थानों, प्रतिष्ठानों तथा सार्वजनिक भवनों का विशेष अभियान चलाकर फायर सेफ्टी ऑडिट कराया जाए, जिससे संभावित अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।
समीक्षा के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के कार्यपालक अभियंता को छावनी ओवरब्रिज के नीचे क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत का कार्य तत्काल प्रारंभ करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क को शीघ्र मोटरेबल बनाया जाए तथा ब्लैकटॉपिंग कार्य पूर्ण कर उसकी फोटोयुक्त प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।