Bihar News : बिहार के राजापाकर में पहली बार बना भूतिया पंडाल, दशहरा मेले में बना आकर्षण का केंद्र

IMG-20261019-WA0069
Share News

संवाददाता: राजेन्द्र कुमार

राजापाकर, वैशाली। बिहार के वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड मुख्यालय स्थित पुरानी बाजार चौक परिसर में दशहरा पूजा के अवसर पर पहली बार भूतिया पंडाल का निर्माण किया गया है। अपनी डरावनी सजावट और भूतों की अनोखी तस्वीरों के कारण यह पंडाल मेले में आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।

भूतिया पंडाल के अंदर विभिन्न प्रकार के भूतों की तस्वीरें लगाई गई हैं। इन तस्वीरों में किसी का मुंह नहीं है, तो किसी के हाथ या पैर गायब हैं। वहीं, किसी का चेहरा काला दिखाया गया है, तो किसी की जीभ बाहर निकली हुई है। भूतों की इन डरावनी आकृतियों को देखकर मेले में आने वाले बच्चे, महिलाएं और पुरुष हैरान रह जाते हैं।

IMG 20261019 WA0067 scaled

पंडाल को इस तरह तैयार किया गया है कि रात के समय अंधेरे में इसका नजारा और भी डरावना दिखाई देता है। रोशनी बंद रहने पर जब लोग इसके आसपास से गुजरते हैं, तो उन्हें भूतों की तस्वीरें देखकर डरावना अनुभव होता है। खासकर छोटे-छोटे बच्चे इन आकृतियों को देखकर डर जाते हैं, जबकि कई लोग उत्सुकतावश पंडाल के अंदर जाकर इसे करीब से देखते हैं।

स्थानीय कारीगरों ने निर्माण में दिया योगदान
इस भूतिया पंडाल के निर्माण में स्थानीय कारीगर संजीत चौधरी, हजारी चौधरी, आशीष कुमार, रितिक कुमार, प्रदीप कुमार, रोशन कुमार और प्रकाश कुमार सहित अन्य लोगों ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया है। स्थानीय लोगों के सहयोग से तैयार किए गए इस पंडाल ने दशहरा मेले को एक अलग पहचान दी है।

IMG 20261019 WA0069 scaled

सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ भूतिया पंडाल
राजापाकर पुरानी बाजार चौक पर बनाया गया यह भूतिया पंडाल प्रखंड क्षेत्र के लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। इसकी अनोखी सजावट और डरावने दृश्यों को देखने के लिए लोग मेले में पहुंच रहे हैं। वहीं, सोशल मीडिया पर भी इस पंडाल की चर्चा हो रही है और यह वायरल हो गया है।

दशहरा पूजा के अवसर पर पहली बार तैयार किए गए इस अनोखे भूतिया पंडाल ने राजापाकर मेले में लोगों के आकर्षण को बढ़ा दिया है। स्थानीय लोगों की पहल और कारीगरों की मेहनत से बना यह पंडाल इस बार मेले की खास पहचान बन गया है।

Trending News