Bihar News: 10 घंटे में किशोर अपहरण व हत्या कांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

IMG-20260702-WA0016
Share News

संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया, पश्चिमी चंपारण।

पश्चिमी चंपारण पुलिस ने कंगली थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोर सोनू कुमार के अपहरण एवं हत्या मामले का महज 10 घंटे में खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तिलावे नदी से किशोर का शव भी बरामद कर लिया है।

IMG 20260702 WA0016

बैरिया पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम ने बताया कि 30 जून को सोनू कुमार स्कूल से घर लौट रहा था, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा। इसके बाद उसकी मां शारदा देवी के आवेदन पर कंगली थाना में अपहरण का मामला दर्ज कर विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया।

तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और लगातार छापेमारी के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मुख्य आरोपी शमशुल अंसारी ने बताया कि उसका सोनू की बहन से परिचय था। बाद में किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिससे दोनों परिवारों के बीच तनाव पैदा हो गया। पुलिस का आरोप है कि इसी विवाद के कारण शमशुल अंसारी ने अपने पिता, भाई और अन्य साथियों के साथ मिलकर सोनू के अपहरण और हत्या की साजिश रची।

जांच में सामने आया कि 30 जून को स्कूल से लौटते समय सोनू को श्मशान घाट के पास रोककर बातचीत के बहाने अपने साथ ले जाया गया। इसके बाद उसकी हत्या कर शव को तिलावे नदी में फेंक दिया गया, ताकि साक्ष्य मिटाए जा सकें।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर नदी से शव बरामद कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम ने बताया कि वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कम समय में मामले का सफल खुलासा किया गया। उन्होंने कहा कि मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Trending News