Bihar News : बेतिया के हरिवाटिका चौक पर मिला महिला का पर्स, आईफोन और आधार कार्ड समेत कई सामान

IMG-20261029-WA0073
Share News

संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।

बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया में हरिवाटिका चौक स्थित एक खाली जमीन पर मंगलवार सुबह अज्ञात परिस्थितियों में एक महिला का पर्स, आईफोन, आधार कार्ड, छोटे बच्चों के कुछ सामान और पूजा-पाठ से जुड़ी सामग्री व प्रसाद बिखरे हुए मिले। एक साथ कई सामान मिलने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना पुलिस की 112 टीम को दी।

IMG 20261029 WA0073

सूचना पर पहुंची पुलिस, सामान कब्जे में लिया
स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद पुलिस की 112 टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने खाली जमीन पर बिखरे मिले आईफोन समेत अन्य सामान को अपने कब्जे में लेकर मुफस्सिल थाना पहुंचाया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।

आधार कार्ड से हुई महिला की पहचान
मौके से मिले आधार कार्ड के अनुसार, महिला का नाम रेशू सिन्हा है। आधार कार्ड पर उनका पता गोला रोड, बैंक कॉलोनी, दानापुर, पटना बताया गया है। हालांकि, महिला का सामान बेतिया के हरिवाटिका चौक तक किन परिस्थितियों में पहुंचा, इस बारे में अभी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

IMG 20261029 WA0072

बताया जा रहा है कि बरामद आईफोन पर कई बार कॉल आई, लेकिन जांच को ध्यान में रखते हुए मौके पर मौजूद लोगों ने फोन रिसीव नहीं किया। इसके बाद पुलिस ने फोन सहित अन्य सामान को अपने कब्जे में ले लिया।

चोरी की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
खाली जमीन पर पर्स, मोबाइल फोन, बच्चों के सामान और पूजा-पाठ की सामग्री बिखरी मिलने से कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि कहीं किसी ने चोरी के बाद सामान यहां तो नहीं फेंक दिया। हालांकि, चोरी होने या किसी अन्य घटना से सामान के जुड़े होने की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

फिलहाल मुफस्सिल थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस की जांच और आवश्यक पड़ताल के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद सामान किसका है और वह हरिवाटिका चौक की खाली जमीन पर कैसे पहुंचा।

Trending News