Bihar News :बिहार में नशामुक्ति अभियान 2026 का शुभारंभ, नशे के कारोबारियों पर होगी कठोर कार्रवाई

IMG-20261029-WA0080
Share News

संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।

बिहार को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना स्थित अधिवेशन भवन से नशामुक्त बिहार अभियान-2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया स्थित एमजेके कॉलेज में कार्यक्रम का लाइव वीडियो स्ट्रीमिंग किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों, छात्र-छात्राओं और गणमान्य लोगों ने नशामुक्ति की शपथ लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

घर-घर तक पहुंचाया जाएगा नशामुक्ति का संदेश
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने कहा कि 27 अक्टूबर से 26 नवंबर तक संचालित होने वाले इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नशामुक्ति के संदेश को शहरों, गांवों और घर-घर तक पहुंचाना है। इसके माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

IMG 20261029 WA0080

उन्होंने कहा कि अभियान में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में नशामुक्ति से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, सामाजिक संगठनों को भी अभियान से जोड़कर जनभागीदारी बढ़ाई जाएगी, ताकि नशामुक्ति का संदेश व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंच सके।

नशे के अवैध कारोबारियों पर होगी कठोर कार्रवाई
जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि नशीले पदार्थों और शराब की तस्करी तथा अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अभियान के दौरान जन-जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी तरीके से संचालित करने और आम लोगों को नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रशासनिक कार्रवाई के साथ-साथ आम लोगों का सहयोग भी जरूरी है। सामूहिक प्रयासों और निरंतर जागरूकता के माध्यम से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है।
गोपनीय जानकारी देने की अपील

जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने जिलेवासियों से अपील की कि वे नशामुक्त बिहार के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने लोगों से अपने परिवार, आसपास के लोगों और समाज को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
उन्होंने आम नागरिकों से नशीले पदार्थों की तस्करी और शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में गोपनीय जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराने की अपील की। इस संबंध में टोल-फ्री नंबर 15545 पर भी सूचना देने की बात कही गई।

IMG 20261029 WA0081

उन्होंने कहा कि जनसहयोग, सामूहिक प्रयास और निरंतर जागरूकता के माध्यम से ही नशामुक्त समाज की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है। जिले के सभी नागरिक इस अभियान का हिस्सा बनें और स्वस्थ, सुरक्षित एवं विकसित समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।

प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक बेतिया कुमार गौतम, उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, अनुमंडल पदाधिकारी बेतिया सदर विकास कुमार, वरीय उप समाहर्ता श्रीमती रोचना माद्री, विशेष कार्य पदाधिकारी जिला गोपनीय शाखा सुजीत कुमार, अधीक्षक मद्य निषेध श्रीमती सीमा कुमारी तथा एनईपी के पुरुषोत्तम त्रिवेदी सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अलावा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में भाग लिया और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

Trending News