Bihar News :आगरा शिक्षक एमएलसी चुनाव में सपा के डॉ. आकाश अग्रवाल की जीत, भाजपा को 3698 वोटों से हराया

IMG-20261029-WA0092
Share News

संवाददाता: सुशील चंद्रा

आगरा। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को शिकस्त दी है। कशमकश भरे मुकाबले में सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने भाजपा प्रत्याशी हरि किशोर तिवारी को 3,698 वोटों से हराकर जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही डॉ. आकाश अग्रवाल लगातार दूसरी बार शिक्षक एमएलसी निर्वाचित हुए हैं। उनकी जीत से समाजवादी पार्टी के समर्थकों और शिक्षकों में खुशी का माहौल है।

देर रात तक चली मतगणना, सपा प्रत्याशी ने बनाई बढ़त
आगरा के मंडी समिति स्थित मतगणना स्थल पर मंगलवार सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हुई, जो देर रात तक जारी रही। मतगणना के दौरान सभी प्रत्याशी और उनके समर्थक परिणामों पर नजर बनाए रहे। कई दौर की गिनती के बाद सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने अपनी बढ़त बरकरार रखी और अंततः भाजपा प्रत्याशी हरि किशोर तिवारी को 3,698 वोटों से पराजित कर दिया।
मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप ने डॉ. आकाश अग्रवाल को विजयी घोषित करते हुए जीत का प्रमाण पत्र प्रदान किया।

IMG 20261029 WA0092

तीन बूथों पर दोबारा हुआ था मतदान
इस चुनाव में मतदान प्रक्रिया को लेकर भी विवाद सामने आया था। 23 अक्टूबर को हुए मतदान के दौरान सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने आगरा के जिलाधिकारी से मतदान में गड़बड़ी की शिकायत की थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने मामले से उच्च अधिकारियों को अवगत कराया था। इसके बाद आगरा जनपद के तीन बूथों पर 26 अक्टूबर को पुनर्मतदान कराया गया।

पुनर्मतदान के बाद सभी की निगाहें मतगणना और चुनाव परिणाम पर टिकी थीं। अंततः मतगणना पूरी होने पर सपा प्रत्याशी ने जीत हासिल की।

मतगणना स्थल पर हंगामा, भाजपा प्रत्याशी धरने पर बैठे
मतगणना के अंतिम चरणों में मंडी समिति स्थित मतगणना स्थल पर माहौल तनावपूर्ण हो गया। सपा और भाजपा प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच विवाद की स्थिति पैदा हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हाथापाई और मारपीट के आरोप लगाए। हंगामे के चलते कुछ समय के लिए मतगणना भी बाधित रही। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी हरि किशोर तिवारी धरने पर बैठ गए।
हालांकि, प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को संभाला गया और तमाम आपत्तियों एवं हंगामे के बीच मतगणना की प्रक्रिया पूरी कराई गई।

लगातार दूसरी बार एमएलसी बने डॉ. आकाश अग्रवाल
डॉ. आकाश अग्रवाल की जीत के साथ ही आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में समाजवादी पार्टी ने अपनी स्थिति मजबूत की है। लगातार दूसरी बार शिक्षक एमएलसी बनने पर उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया।

चुनावी मुकाबले में भाजपा प्रत्याशी हरि किशोर तिवारी को हराकर डॉ. आकाश अग्रवाल ने एक बार फिर शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने का अवसर हासिल किया। उनकी जीत को समाजवादी पार्टी के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

Trending News