संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया, पश्चिमी चंपारण।
पश्चिम चंपारण के जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकासात्मक कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सहयोग शिविरों में प्राप्त आवेदनों एवं उनके निष्पादन की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आवेदनों के निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा इसकी नियमित समीक्षा भी की जाए।

जीवन प्रमाणीकरण अभियान की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत जीवन प्रमाणीकरण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को इस प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इस कार्य की नियमित समीक्षा उप विकास आयुक्त द्वारा की जाएगी।
स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समारोह का आयोजन गरिमामय एवं सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित किया जाए।
नीलाम पत्र वादों की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने अग्रणी जिला प्रबंधक को संबंधित बैंकों के साथ समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में डेंगू की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। अधिकारियों ने जानकारी दी कि पिछले वर्ष जिले में डेंगू के कुछ मामले सामने आए थे, जिनका सफलतापूर्वक उपचार किया गया था। वहीं, इस वर्ष अब तक जिले में डेंगू का एक भी मामला दर्ज नहीं हुआ है। संभावित खतरे को देखते हुए डेंगू वार्ड, एंबुलेंस, जांच किट सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ कर दी गई हैं।
जिला पदाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया कि डेंगू की रोकथाम के लिए जारी दिशा-निर्देशों का प्रभावी ढंग से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने नगर निगम एवं सभी नगर निकायों को नियमित रूप से फॉगिंग कराने तथा जिन क्षेत्रों में पूर्व वर्षों में डेंगू के मामले सामने आए थे, वहां विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने डेंगू नियंत्रण के लिए रोस्टर बनाकर नियमित अभियान चलाने, आमजन को बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने तथा जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में डेंगू की जांच एवं उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने अन्य विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की भी समीक्षा की तथा सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्यों का प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, नगर आयुक्त बेतिया सुश्री शिवाक्षी दीक्षित, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी (जिला गोपनीय शाखा) सुजीत कुमार सहित अन्य जिलास्तरीय अधिकारी, कार्यपालक अभियंता एवं सहायक अभियंता उपस्थित रहे।