संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया, पश्चिमी चंपारण।
महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि शहर के छावनी ओवरब्रिज के नीचे तीनों दिशाओं—मनुआ पुल, चनपटिया रोड तथा सिकटा-मैनाटांड़ मार्ग—में एक-एक आधुनिक शौचालय एवं मूत्रालय का निर्माण कराया जाएगा। नगर निगम बोर्ड से योजना की स्वीकृति मिलने के बाद नगर निगम प्रशासन द्वारा इसके लिए ई-टेंडर जारी कर दिया गया है।
महापौर ने बताया कि इच्छुक संवेदकों के लिए निविदा प्रपत्र डाउनलोड करने की अवधि 7 जुलाई से 27 जुलाई 2026 तक निर्धारित की गई है। कार्यादेश जारी होने के बाद चयनित एजेंसी को तीन माह के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूरा करना होगा।
उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में शहरी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा नागरिकों को बेहतर स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। छावनी चौक से मनुआ पुल जाने वाली मुख्य सड़क, चनपटिया रोड तथा सिकटा रोड स्थित ओवरब्रिज के नीचे आधुनिक शौचालय एवं मूत्रालय बनाए जाएंगे।
जारी निविदा के अनुसार प्रत्येक योजना की प्राक्कलित लागत 15 लाख 75 हजार 133 रुपये निर्धारित की गई है। इस प्रकार तीनों परियोजनाओं पर कुल लगभग 47 लाख 25 हजार 399 रुपये खर्च किए जाएंगे।
महापौर ने बताया कि नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित ने निर्माण एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि कार्य आवंटन के बाद निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा किया जाए। प्राप्त निविदाओं की तकनीकी एवं वित्तीय बिड 28 जुलाई 2026 को खोली जाएगी तथा आगे की प्रक्रिया नगर आयुक्त की देखरेख में संपन्न होगी।
महापौर ने कहा कि इन शौचालयों के निर्माण से शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही राहगीरों, यात्रियों और आसपास के व्यावसायिक क्षेत्रों में आने-जाने वाले लोगों को भी बड़ी सुविधा प्राप्त होगी। यह परियोजना शहरी स्वच्छता अभियान को नई गति देने में सहायक सिद्ध होगी।