Bihar News: बाल हृदय योजना से 23 बच्चों को मिली नई उम्मीद, निःशुल्क उपचार के लिए मेदांता अस्पताल भेजे गए
संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।
पश्चिम चंपारण जिले में बाल हृदय योजना के तहत जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित 23 चिन्हित बच्चों को निःशुल्क जांच एवं उपचार के लिए एम्बुलेंस के माध्यम से जय प्रभा मेदांता सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल भेजा गया। अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रमेश चंद्रा ने हरी झंडी दिखाकर सभी बच्चों को रवाना किया।

डॉ. रमेश चंद्रा ने बताया कि बाल हृदय योजना के अंतर्गत अब तक पश्चिम चंपारण जिले के 100 से अधिक जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों का सफलतापूर्वक निःशुल्क ऑपरेशन कराया जा चुका है। इस योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को बेहतर और जीवनरक्षक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की टीम द्वारा विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर नियमित स्वास्थ्य जांच अभियान चलाया जाता है। जांच के दौरान जिन बच्चों में जन्मजात हृदय रोग के लक्षण पाए जाते हैं, उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क जांच कराकर बाल हृदय योजना के तहत उपचार के लिए रेफर किया जाता है।
उन्होंने कहा कि योजना का मुख्य उद्देश्य जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों की समय पर पहचान कर उन्हें उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि उनका समय रहते उपचार हो सके और वे स्वस्थ एवं सामान्य जीवन व्यतीत कर सकें।
जिला स्वास्थ्य प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि यदि किसी बच्चे में हृदय रोग से संबंधित लक्षण दिखाई दें, तो वे निकटतम स्वास्थ्य केंद्र अथवा आरबीएसके टीम से संपर्क कर बाल हृदय योजना का लाभ उठाएं। इससे बच्चों का समय पर उपचार संभव हो सकेगा और उनका भविष्य सुरक्षित बनाया जा सकेगा।