Bihar News : बिहार के बगहा में नवरात्र की कलश यात्रा के दौरान बड़ा हादसा, करंट लगने से दो की मौत, एक दर्जन से अधिक घायल
संवाददाता: मोहन सिंह | बेतिया, पश्चिमी चंपारण
बेतिया/पश्चिमी चंपारण। बिहार के बगहा में शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन रविवार को कलश यात्रा के दौरान एक दर्दनाक विद्युत हादसा हो गया। रामनगर थाना क्षेत्र के खटौरी स्थित दोन कैनाल के पास हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आने से दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आस्था के माहौल में मातम पसर गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भैरोगंज क्षेत्र के सहसराव गांव से श्रद्धालु ट्रैक्टर पर सवार होकर नवरात्र के अवसर पर जल बोझी करने के लिए दोन नहर पहुंचे थे। इसी दौरान कलश यात्रा में शामिल झंडा लिए एक श्रद्धालु अचानक हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आ गया। इसके बाद करंट की चपेट में आने से कई अन्य श्रद्धालु भी झुलस गए। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

रामनगर के एसडीपीओ सत्येंद्र राम ने हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत होने की पुष्टि की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विधायक ने जताया दुख, बिजली विभाग की जांच का भरोसा
बगहा सदर विधायक राम सिंह ने इस दर्दनाक घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने बिजली विभाग की संभावित लापरवाही की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
बिजली व्यवस्था पर उठे सवाल
शारदीय नवरात्र के पहले दिन हुई इस घटना ने बिजली विभाग की व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। धार्मिक आयोजन में शामिल श्रद्धालुओं के बीच हाईटेंशन तार की चपेट में आने से हुए इस हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घायलों की स्थिति और हादसे के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।