Bihar News: बगहा में घर के पास किंग कोबरा और अजगर दिखने से मची अफरा-तफरी, वन विभाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।
पश्चिम चंपारण जिले के बगहा क्षेत्र में वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) के जंगल से निकलकर एक विषैला किंग कोबरा और एक अजगर आबादी वाले क्षेत्र में पहुंच गए। गनौली वन क्षेत्र कार्यालय के समीप स्थित सोनालाल साह के घर के पास दोनों सांप दिखाई देने से इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।

सोनालाल साह के पुत्र नितेश कुमार ने बताया कि रात में परिवार के सदस्य सोने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान घर का पालतू कुत्ता लगातार भौंकने लगा। कुत्ते के असामान्य व्यवहार पर जब परिवार के लोग बाहर निकले तो उन्होंने घर के समीप एक बड़े किंग कोबरा और एक अजगर को देखा। दोनों सांपों को देखकर परिवार के लोग घबरा गए और शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।
घटना की सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। स्नेक रेस्क्यू विशेषज्ञ मुरारी कुमार के नेतृत्व में टीम ने काफी मशक्कत के बाद दोनों सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसके बाद किंग कोबरा और अजगर को वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण जंगलों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में कई वन्यजीव और सांप सुरक्षित स्थान की तलाश में आबादी वाले इलाकों की ओर आ जाते हैं। विभाग संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखे हुए है।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं सांप या कोई अन्य वन्यजीव दिखाई दे तो उसे पकड़ने या भगाने का प्रयास न करें। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दें, ताकि प्रशिक्षित टीम सुरक्षित तरीके से उसका रेस्क्यू कर सके।