संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
राजापाकर प्रखंड के बरुआ गांव में अखिल भारतीय किसान महासभा की प्रखंड इकाई की बैठक गुरुवार को साथी राम निवास प्रसाद यादव की अध्यक्षता में हरि नारायण सिंह के आवास पर आयोजित की गई। बैठक में संगठन के सदस्यता अभियान को गति देने तथा विभिन्न किसान मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में मुख्य रूप से अखिल भारतीय किसान महासभा के सदस्यता अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही अखिल भारतीय किसान महासभा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एवं भाकपा (माले) वैशाली के वरिष्ठ नेता कॉमरेड बिशेश्वर प्रसाद यादव की प्रतिमा स्थापित करने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए किसान महासभा के जिला सचिव कॉमरेड सुमन कुमार ने कहा कि प्रस्तावित कृषि व्यापार समझौता देश की खेती, किसानों और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था के लिए नुकसानदायक साबित होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कृषि भूमि को कॉरपोरेट कंपनियों के हवाले करने वाली नीतियों के खिलाफ किसानों का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
उन्होंने राज्य सरकार से सैटेलाइट टाउनशिप एवं टोपो लैंड के नाम पर कृषि भूमि की लैंड पुलिंग के माध्यम से प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण योजनाओं को वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों की आजीविका और देश की खाद्य सुरक्षा को प्रभावित करने वाली किसी भी नीति का अखिल भारतीय किसान महासभा पुरजोर विरोध करेगी।
बैठक में जवाहर जी, हरि नारायण सिंह, मनोज पांडेय, रामनाथ सिंह, अधिवक्ता सुरेश प्रसाद सिंह, शिवनाथ राय, रामदयाल सिंह, शिवमंगल सिंह, लाला प्रसाद सिंह सहित संगठन के अनेक कार्यकर्ता एवं किसान उपस्थित रहे। बैठक के अंत में संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने और किसानों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया गया।