Agra न्यूज़ :डॉ. मानिक चंद जाटव की 129वीं जयंती पर बंगाली बाबू सोनी को मिला जाटववीर पुरस्कार
संवाददाता प्रताप सिंह आजाद
आगरा। जाटव समाज उत्थान समिति के तत्वावधान में बाबू जगजीवन राम पार्क में दलित चेतना के प्रेरणास्रोत एवं पूर्व राय बहादुर दादा साहेब डॉ. मानिक चंद ‘जाटव वीर’ की 129वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मंत्री एवं समाज रत्न श्री गंगा प्रसाद पुष्कर ने की।
इस अवसर पर आगरा के वरिष्ठ समाजसेवी श्री बंगाली बाबू सोनी को समाज के प्रति उनके योगदान के लिए ‘जाटववीर पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। उन्हें पगड़ी एवं शाल पहनाकर तथा सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री गंगा प्रसाद पुष्कर ने कहा कि डॉ. मानिक चंद जाटव ने समाज को अपमानित करने वाले जातिसूचक संबोधन के स्थान पर ‘जाटव’ नाम देकर समाज को नई पहचान और गौरव प्रदान किया। उन्होंने कहा कि आगरा का जाटव समाज आज भी सम्मान और अधिकारों की लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। देशभर के दलित समाज के लोग आगरा से प्रेरणा लेते हैं और इसी कारण आगरा को दलितों की राजधानी के रूप में भी जाना जाता है।
समारोह में समिति के संरक्षक देवकीनंदन सोन ने डॉ. मानिक चंद के ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए कहा कि यह विडंबना है कि वर्ष 1952 में राजस्थान की भरतपुर संसदीय सीट से प्रथम संसद के लिए निर्वाचित हुए डॉ. मानिक चंद के नाम पर आज तक किसी प्रमुख मार्ग का नामकरण नहीं किया गया है। यह चिंतनीय विषय है। उन्होंने उनके सम्मान में प्रमुख मार्ग का नामकरण किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन विनोद आनंद ने किया। इस दौरान देवेंद्र कुमार चिल्लू, महेंद्र सिंह, इंजीनियर मानिक चंद, सेवती प्रसाद निम, बच्चू सिंह कैथ, सत्य प्रकाश, अमर सिंह, चौधरी मानसिंह, सूरजभान भाटिया, प्रमोद कुमार, दरबारी लाल जयंंत, रूप सिंह सोनी और परमजीत सिंह सहित अन्य गणमान्य लोगों ने डॉ. मानिक चंद को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।
समारोह में समाज के महापुरुषों के योगदान को याद करते हुए सामाजिक एकता, सम्मान और जागरूकता का संदेश दिया गया।