संवाददाता विकास कुमार
इटावा: निलंबित ग्राम विकास व ग्राम पंचायत अधिकारियों की बहाली व अन्य मांगों को लेकर ग्राम विकास व ग्राम पंचायत अधिकारियों का धरना सोमवार को भी जारी रहा। समाजवादी पार्टी ने इस आंदोलन का समर्थन किया। सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव सोमवार को पार्टी नेताओं के साथ धरना स्थल पर पहुंचे और सपा के समर्थन की बात कही।

ग्राम विकास अधिकारी 14 अक्टूबर से अपनी मांगों को लेकर कार्यबहिष्कार कर धरना दे रहे हैं। यह कर्मचारी सीडीओ की कार्यशैली को लेकर खासे आक्रोशित हैं और उनका कहना है कि सीडीओ के साथ काम नहीं करेंगे। उन्होने उत्पीड़न का आरोप भी लगाया है और यह भी कहा है कि बिना वजह कार्रवाई की जा रही है निलम्बन किया जा रहा है और वेतन रोका जा रहा है। जब तक निलम्बन खत्म नहीं किया जाता और रोके गए वेतन का भुगतान नहीं किया जाता तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। हालांकि आंदोलन के पहले दिन ही डीएम से वार्ता हुई थी और उन्होने परीक्षण कराके कार्रवाई करने का आश्वासन दिया था लेकिन यह अधिकारी आश्वासन से संतुष्ट नहीं है। उनका कहना है कि जब तक निलम्बन खत्म नहीं हो जाता तब तक आंदोलन जारी रहेगा। ग्राम प्रधान भी इस आंदोलन को समर्थन दे चुके हैं। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष दिलीप मिश्रा, ग्राम विकास व ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के नेता पूरन सिंह व प्रशान्त पोरवाल ने आंदोलनकारियों में जोश भरा और कहा कि हमारी समस्याओं को निदान होने तक आंदोलन जारी रखना है।