Bihar News :बिहार के वैशाली में सरकारी विद्यालय के भवन निर्माण में अनियमितता का आरोप, ग्रामीणों ने की जांच की मांग

IMG-20261125-WA0001
Share News

रिपोर्टर – राजेन्द्र कुमार स्थान – बरांटी, वैशाली (बिहार)

बरांटी (वैशाली)। बिहार के वैशाली जिले के बरांटी थाना क्षेत्र स्थित राजकीय बुनियादी विद्यालय बरांटी के परिसर में शिक्षा विभाग की आधारभूत संरचना योजना के तहत एक कमरे का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य में अनियमितता और घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए स्थानीय ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार वीरेंद्र कुमार द्वारा निर्माण कार्य निर्धारित प्राक्कलन के अनुसार नहीं कराया जा रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, भवन निर्माण स्थल पर कार्य से संबंधित कोई सूचना पट्ट (बोर्ड) भी नहीं लगाया गया है। इससे निर्माण कार्य की लागत, स्वीकृत मानक और अन्य जानकारियां ग्रामीणों को नहीं मिल पा रही हैं। आरोप है कि निर्माण में मानकों की अनदेखी करते हुए चार नंबर ईंट का इस्तेमाल किया जा रहा है।

IMG 20261125 WA0001

इस संबंध में विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुजीत कुमार ने बताया कि विद्यालय परिसर में शिक्षा विभाग की ओर से एक कमरे का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य में चार नंबर ईंट का प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में ठेकेदार वीरेंद्र कुमार को आपत्ति जताते हुए सही सामग्री लगाने के लिए कहा गया, लेकिन ठेकेदार उनकी बात सुनने को तैयार नहीं हैं।
वहीं, स्थानीय ग्रामीण उदय कुमार, अंजनी सिंह, राजेंद्र सिंह, हरेंद्र सिंह, पप्पू कुमार और भूषण कुमार सहित अन्य लोगों ने भी निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने ठेकेदार से एक नंबर ईंट का इस्तेमाल करने की मांग की, लेकिन उनकी बातों को अनसुना कर मनमाने तरीके से निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण कार्य के दौरान विभाग का कोई इंजीनियर या जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं रहता। ऐसे में निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निगरानी नहीं हो पा रही है। उनका कहना है कि डीपीसी के नीचे ही चार नंबर ईंट का इस्तेमाल किया जा रहा है, ऐसे में भवन की मजबूती और टिकाऊपन को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि इस तरह निर्माण हुआ तो भवन दो साल भी नहीं टिक पाएगा।

IMG 20261125 WA0003

प्रधानाध्यापक सुजीत कुमार ने यह भी बताया कि भवन निर्माण के संबंध में विद्यालय प्रशासन को न तो कोई लिखित सूचना दी गई है और न ही कोई पत्र उपलब्ध कराया गया है। विभाग द्वारा स्वयं निर्माण कार्य कराया जा रहा है, इसलिए विद्यालय प्रशासन के पास योजना और निर्माण से जुड़ी विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं है। उन्होंने भी स्वीकार किया कि विद्यालय परिसर में बन रहा कमरा निर्धारित प्राक्कलन के अनुरूप नहीं दिखाई दे रहा है और निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है।
मामले को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने वैशाली के जिला पदाधिकारी से मांग की है कि विद्यालय परिसर में चल रहे भवन निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता की जांच कराई जाए और यदि अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित ठेकेदार एवं जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।

Trending News