Agra न्यूज़ :आगरा के ताजगंज एमपी पुरा में गंदगी का अंबार, आवारा पशुओं का आतंक; बीमारियों के साए में जीने को मजबूर क्षेत्रवासी

IMG-20261116-WA0107
Share News

मुस्कान सिंह आजाद

आगरा। ताजनगरी आगरा के ताजगंज क्षेत्र स्थित एमपी पुरा में इन दिनों गंदगी और अव्यवस्थाओं ने स्थानीय लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। सार्वजनिक स्थानों पर जगह-जगह कूड़ा-करकट के ढेर लगे हुए हैं। वहीं, आवारा पशुओं की आवाजाही के चलते गंदगी का दायरा लगातार बढ़ रहा है। क्षेत्र में फैल रही दुर्गंध और गंदगी से स्थानीय नागरिक परेशान हैं। लोगों को आशंका है कि इन हालातों के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है।

IMG 20261116 WA0107

क्षेत्रवासियों का कहना है कि गंदगी के कारण बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घरों के आसपास और सार्वजनिक रास्तों पर फैला कूड़ा लोगों के स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय बन गया है। लोगों का आरोप है कि सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और जिम्मेदार विभागों की ओर से समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, सफाई व्यवस्था संभालने वाली कंपनी के जाने और नई कंपनी के आने के बीच पैदा हुई अव्यवस्थाओं का खामियाजा क्षेत्र की जनता को भुगतना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि कर्मचारियों की हड़ताल के चलते नियमित सफाई कार्य प्रभावित हुआ, जिससे कई स्थानों पर कूड़े के ढेर जमा हो गए। नगर निगम और सफाई कंपनी के बीच तालमेल की कमी का असर सीधे आम नागरिकों की जिंदगी पर पड़ रहा है।

IMG 20261101 083824 scaled

क्षेत्रवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय पार्षदों ने अब तक क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया है। लोगों का कहना है कि बार-बार गंदगी की समस्या सामने आने के बावजूद न तो नियमित सफाई हो रही है और न ही आवारा पशुओं से निजात दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

क्षेत्रवासियों ने उठाई सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग
एमपी पुरा के नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में तत्काल विशेष सफाई अभियान चलाया जाए, जमा कूड़े का नियमित उठान सुनिश्चित किया जाए, आवारा पशुओं को हटाने की व्यवस्था की जाए और सफाई कर्मचारियों की समस्या का जल्द समाधान कराया जाए।

IMG 20261116 214743 scaled

अब सवाल यह है कि आखिर नगर निगम और संबंधित सफाई कंपनी के बीच चल रही व्यवस्थागत समस्याओं का खामियाजा आम जनता कब तक भुगतेगी? क्या जिम्मेदार अधिकारी क्षेत्र का निरीक्षण कर लोगों को गंदगी और बीमारियों के खतरे से राहत दिलाएंगे, या फिर एमपी पुरा के निवासियों को इसी तरह नारकीय हालात में रहने के लिए मजबूर होना पड़ेगा?

Trending News