Prayagraj News :प्रयागराज में 1 नवंबर को मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर, पात्र लाभार्थियों को मिलेगा योजनाओं का लाभ
संवाददाता विजय कुमार
प्रयागराज। जिले में 1 नवंबर 2026 को ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज में मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर के माध्यम से विभिन्न सरकारी विभागों की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की पहल की जाएगी। आयोजन की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह ने बुधवार को विकास भवन के सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने विभाग की योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर में आने वाले पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि लोगों को एक ही स्थान पर योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ मिल सके।

समय से पूरी करें शिविर की तैयारियां
मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेगा कैंप के आयोजन के संबंध में जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाए। सभी विभाग अपनी तैयारियां समय से पूरी करें और सौंपे गए दायित्वों का शत-प्रतिशत निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने शिविर को व्यापक स्तर पर आयोजित करने के लिए विभागीय समन्वय और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा।
शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश
सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश भी दिए, जिससे अधिक से अधिक लोग शिविर के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकें और इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ
पहुंचाने के लिए प्रभावी कदम उठाएं।
बैठक में परियोजना निदेशक भूपेन्द्र सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी संतोष कुमार सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।