Prayagraj News: ग्राम बनकट में आयुष चिकित्सा शिविर, 250 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण
रिपोर्ट: विजय कुमार
प्रयागराज। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने और लोगों को आयुर्वेद चिकित्सा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयुर्वेद विभाग, प्रयागराज की ओर से गुरुवार को विकास खंड धनूपुर के ग्राम बनकट स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय परिसर में आयुष चिकित्सा एवं जनजागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। ‘आयुष आपके द्वार’ अभियान के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में कुल 250 रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। वहीं, 80 बच्चों को स्वर्णप्राशन की दवा पिलाई गई तथा 120 लोगों की आंखों की जांच की गई।
शिविर का शुभारंभ क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. नवीन सोनी, ग्राम प्रधान पति पंकज पाण्डेय, संस्कार भारती के सर्वेश पाण्डेय तथा डॉ. अवनीश पाण्डेय ने दीप प्रज्वलित कर और भगवान धन्वंतरि के चित्र पर माल्यार्पण करके किया।

80 बच्चों को पिलाई गई स्वर्णप्राशन की दवा
बच्चों के स्वास्थ्य, मेधा विकास और रोग प्रतिरोधक क्षमता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शिविर में 80 बच्चों को स्वर्णप्राशन की दवा पिलाई गई। इस दौरान अभिभावकों को बच्चों के स्वास्थ्य की देखभाल, संतुलित आहार और नियमित दिनचर्या के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई।
120 लोगों की हुई नेत्र जांच, 30 मरीज रेफर
शिविर में निःशुल्क नेत्र परीक्षण की विशेष व्यवस्था की गई थी। इसके अंतर्गत 120 लोगों की आंखों की जांच की गई। जांच के दौरान मोतियाबिंद से प्रभावित अथवा संदिग्ध पाए गए 30 मरीजों को आगे की जांच और उपचार के लिए उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर किया गया, ताकि उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों की सुविधा मिल सके।
विभिन्न बीमारियों के मरीजों को मिला परामर्श
शिविर में पाचन संबंधी विकार, त्वचा रोग, लीवर की समस्याएं, बवासीर, भगंदर, महिलाओं से संबंधित रोग, सर्दी-खांसी, श्वसन संबंधी परेशानियां, जोड़ों का दर्द, गठिया, मोटापा और मधुमेह सहित विभिन्न बीमारियों से पीड़ित मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया गया। इसके साथ ही ब्लड शुगर की जांच भी की गई।
चिकित्सकों ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने, संतुलित भोजन करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
संतुलित आहार, योग और व्यायाम पर दिया जोर
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. नवीन सोनी ने संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या, योग और व्यायाम के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने लोगों को बीमारियों के लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने तथा समय पर जांच कराकर उचित उपचार लेने के प्रति जागरूक किया।
चिकित्सकीय टीम ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
शिविर में हंडिया, बरौत, अतरौरा और हरीपुर मर्रो स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालयों के चिकित्साधिकारी डॉ. अवनीश पाण्डेय, डॉ. सुनील दत्त द्विवेदी, डॉ. सुमन मिश्रा, डॉ. भावना दत्त और डॉ. विवेक शुक्ला सहित चिकित्सकीय टीम ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें परामर्श दिया।

कार्यक्रम का निर्देशन प्रयागराज के क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. नवीन सोनी ने किया। शिविर के सफल आयोजन में जिला कार्यक्रम प्रबंधक आयुष डॉ. हरे कृष्ण मिश्रा, प्राथमिक विद्यालय बनकट के प्रधानाचार्य रघुवीर कुमार राव, फार्मासिस्ट दिनेश दुबे, विजय बहादुर मौर्य, निलेश कुमार, रामलाल और रमेश पाल का विशेष सहयोग रहा।
शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ ही आयुर्वेद चिकित्सा, नियमित स्वास्थ्य जांच और रोगों की समय पर पहचान के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।