Bihar News: एसजी निकेतन में डांडिया नाइट, बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली। बिहार के वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के बेलकुंडा चौक स्थित एसजी निकेतन विद्यालय परिसर में शुक्रवार की संध्या डांडिया नाइट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उत्सव का माहौल बना दिया। रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा में सजे बच्चों के आकर्षक नृत्य ने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नारायणपुर बुजुर्ग पंचायत की मुखिया बेबी देवी, विद्यालय के निदेशक अमरेश कुमार एवं प्रधानाध्यापक अमित कुमार पांडे ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हुआ, जिसमें बच्चों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
डांडिया नाइट के दौरान छात्र-छात्राओं ने ‘नगाड़ा संग ढोल बाजे’, ‘ढोली तारो ढोल बाजे’, ‘शुभारंभ’ और ‘कमरिया’ जैसे लोकप्रिय गीतों की धुन पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। पारंपरिक परिधानों में बच्चों की सामूहिक प्रस्तुतियां कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं। उनकी शानदार प्रस्तुति पर उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम का संचालन कक्षा नौ की छात्राओं कृतिका एवं सृष्टि ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक उल्लास का वातावरण बना रहा। अभिभावकों एवं अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका हौसला बढ़ाया।
पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की पहल
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना, उनकी रचनात्मक क्षमता को विकसित करना और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास, सामूहिक सहभागिता और भारतीय संस्कृति के प्रति लगाव बढ़ता है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक धर्मेंद्र कुमार, राकेश कुमार, शबनम कुमारी, खुशबू कुमारी, स्वाति एवं मीरा सहित अन्य शिक्षकों ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों के साथ डांडिया नाइट कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।