Bihar News :वैशाली ब्रज मोहन दास महाविद्यालय में मनाया गया ग्लोबल हैंड वॉश दिवस

IMG-20261017-WA0045(1)
Share News

संवाददाता: राजेंद्र कुमार

दयालपुर, वैशाली। ब्रज मोहन दास महाविद्यालय, दयालपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में प्राचार्य डॉ. तारकेश्वर पंडित की अध्यक्षता में ग्लोबल हैंड वॉश दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को हाथों की स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करना और संक्रमण से बचाव के लिए नियमित रूप से हाथ धोने की आदत अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम का मंच संचालन प्रोफेसर रवि रंजन कुमार ने किया। इस अवसर पर डॉ. अभिरंजन कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए हाथों की स्वच्छता बेहद जरूरी है। हाथों के माध्यम से कई प्रकार के कीटाणु हमारे शरीर में प्रवेश कर सकते हैं, जिससे संक्रमण और विभिन्न बीमारियां होने का खतरा रहता है। जब हम बिना हाथ धोए अपने चेहरे, आंखों या मुंह को छूते हैं, तो कीटाणु शरीर में प्रवेश कर सकते हैं। इसलिए सभी को नियमित रूप से हाथ धोना चाहिए और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करना चाहिए।

IMG 20261017 WA0048 scaled

डॉ. जया चौधरी ने कहा कि ग्लोबल हैंड वॉश दिवस की शुरुआत 15 अक्टूबर 2008 को हुई थी। भारतीय संस्कृति में प्राचीन काल से ही स्वच्छता और साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि भोजन करने से पहले हाथ धोने की आदत अपनाकर कीटाणुओं से होने वाली कई बीमारियों के खतरे को कम किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता की अच्छी आदतों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि हाथों की नियमित सफाई व्यक्तिगत स्वास्थ्य के साथ-साथ सामुदायिक स्वास्थ्य के लिए भी महत्वपूर्ण है। साबुन और स्वच्छ पानी से सही तरीके से हाथ धोने से संक्रमण के प्रसार को रोकने में मदद मिलती है।
कार्यक्रम के अंत में प्रोफेसर सुशील कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने सभी से स्वास्थ्य और स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन करने की अपील की, ताकि बीमारियों से बचाव किया जा सके।

इस अवसर पर छात्र सचिन कुमार सिंह, अभिषेक कुमार, प्रिंस कुमार सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी ने स्वयं नियमित रूप से हाथ धोने और समाज के लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

Trending News