Bihar News: राजापाकर में बंशीधर बृजवासी की मतदाता मिलन सभा, स्नातक मतदाताओं से मांगा समर्थन
संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली (बिहार)। राजापाकर प्रखंड के भुवनेश्वर चौक स्थित न्यूटन क्लासेस संस्थान परिसर में तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद प्रत्याशी बंशीधर बृजवासी की ओर से मतदाता मिलन समारोह सह आशीर्वाद सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्नातक एवं शिक्षक मतदाता शामिल हुए। सभा की अध्यक्षता समाजसेवी अनिल कुमार ने की, जबकि संचालन एसपी सिंह ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधान परिषद प्रत्याशी बंशीधर बृजवासी ने मतदाताओं से समर्थन की अपील की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के मतदाताओं ने उन्हें डेढ़ साल तक विधान परिषद में काम करने का अवसर दिया। अब उन्हें छह साल का मौका दिया जाए, ताकि वे शिक्षकों, स्नातकों और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए दिन-रात संघर्ष कर सकें और उन्हें न्याय दिलाने का प्रयास करें।

उन्होंने कहा कि अपने डेढ़ साल के कार्यकाल में उन्होंने क्षेत्र के लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं को समझा और उन्हें सदन में उठाने का काम किया। उन्होंने पूर्व के एमएलसी पर क्षेत्र की समस्याओं को उचित तरीके से नहीं उठाने का आरोप भी लगाया।
बंशीधर बृजवासी ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वोट किसी लालच या दबाव में देने की चीज नहीं है। मतदाताओं को अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनकर मतदान करना चाहिए और कथित लुटेरों से सावधान रहना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति को हराने के लिए पूरी सरकार और शिक्षा तंत्र लगा हुआ है, लेकिन उनके साथ मतदाता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत हैं।

उन्होंने खुद को लोकतंत्र का अभिमन्यु बताते हुए कहा कि उनके साथ गांव-समाज के गरीब, वंचित और शिक्षित बेरोजगार लोग खड़े हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के समर्थन से वे अपनी लड़ाई जारी रखेंगे और किसी भी परिस्थिति में झुकेंगे नहीं।
कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी अनिल कुमार ने बंशीधर बृजवासी को माता दुर्गा की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया। सभा में अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे और उपस्थित मतदाताओं के बीच चुनाव को लेकर चर्चा की।
इस अवसर पर एसपी सिंह, शिव प्रसाद सिंह, अमोद कुमार, राजीव झा, नवल किशोर सिंह, रणवीर सिंह, मिलन सिंह, लक्ष्मण कुमार, राजू राय, प्रमोद कुमार सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।