Agra News : राजापाकर में 73 गर्भवती महिलाओं की हुई स्वास्थ्य जांच, मुफ्त दवाएं वितरित

IMG-20261010-WA0012(1)
Share News

संवाददाता: राजेन्द्र कुमार

राजापाकर, वैशाली। बिहार के वैशाली जिले के राजापाकर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में प्रधानमंत्री जननी सुरक्षा योजना के तहत गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच के लिए शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 73 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान महिलाओं को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ ही निशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं।

संबंध में जानकारीइस देते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एसपी उपाध्याय ने बताया कि शिविर में पहुंचीं गर्भवती महिलाओं की विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांच की गई। इसमें हीमोग्लोबिन, एचआईवी, वजन, ब्लड प्रेशर सहित अन्य आवश्यक जांच शामिल थीं। जांच के बाद चिकित्सकों के परामर्श के अनुसार महिलाओं को निशुल्क दवाएं दी गईं। उन्हें कैल्शियम, आयरन और विटामिन बी-कॉम्प्लेक्स की गोलियां भी उपलब्ध कराई गईं।

गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार लेने की सलाह
शिविर के दौरान चिकित्सकों ने गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था में अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। उन्हें भारी वजन उठाने से बचने तथा नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच कराने के लिए जागरूक किया गया। डॉक्टरों ने महिलाओं को भोजन में हरी पत्तेदार सब्जियां, मौसमी फल, दूध, अंडा, मछली और अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थ शामिल करने की सलाह दी, ताकि मां और गर्भ में पल रहे बच्चे को पर्याप्त पोषण मिल सके।

IMG 20261010 WA00121 scaled

चिकित्सकों ने सुरक्षित प्रसव के महत्व पर जोर देते हुए महिलाओं से नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र या ऐसे स्वास्थ्य संस्थान में प्रसव कराने की अपील की, जहां प्रशिक्षित चिकित्सक और एएनएम की सुविधा उपलब्ध हो। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की देखरेख में प्रसव कराने से मां और नवजात शिशु को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकती हैं। साथ ही, महिलाओं को बिना उचित चिकित्सकीय सुविधाओं वाले स्थानों पर प्रसव कराने से बचने की सलाह दी गई।

आशा कार्यकर्ताओं ने निभाई अहम भूमिका
शिविर में गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य जांच के लिए लाने में आशा कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रखंड की विभिन्न पंचायतों और वार्डों से गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, ताकि समय पर उनकी स्वास्थ्य जांच और आवश्यक उपचार सुनिश्चित किया जा सके।

शिविर में डॉ. मनीषा, डॉ. सतीश वर्मा और डॉ. अनिरुद्ध ने गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की। वहीं, एएनएम हेमा कुमारी, सोनी कुमारी, पूजा कुमारी, पल्लवी कुमारी और निशा कुमारी ने शिविर के संचालन एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सहयोग किया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य जांच, आवश्यक दवाएं और सुरक्षित मातृत्व से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराना रहा, ताकि गर्भावस्था के दौरान संभावित स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान कर मां और बच्चे के स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल की जा सके।

Trending News