Agra News : उत्तर प्रदेश में 17,059 शिक्षा पदों पर भर्ती तेज, एक लाख सरकारी नौकरियों के लक्ष्य को मिली रफ्तार
रिपोर्ट विजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के युवाओं को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ‘मिशन रोजगार’ को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। छह माह में एक लाख सरकारी पदों पर भर्ती के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए विभिन्न विभागों में चयन प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसी क्रम में शिक्षा क्षेत्र में अकेले 17,059 पदों पर भर्ती प्रक्रिया को गति प्रदान की गई है।
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज की ओर से वर्ष 2026 में जारी विज्ञापनों में उच्च शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा और बेसिक शिक्षा विभाग के महत्वपूर्ण पदों को शामिल किया गया है। इन भर्तियों से प्रदेश के युवाओं को सरकारी सेवा में आने का अवसर मिलने के साथ ही शिक्षण संस्थानों में आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
उच्च शिक्षा में 2,047 पदों पर भर्ती
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष प्रशांत कुमार के अनुसार आयोग की प्राथमिकता पारदर्शी और शुचितापूर्ण चयन प्रक्रिया के माध्यम से समयबद्ध नियुक्तियां पूरी कराना है। उच्च शिक्षा विभाग में कुल 2,047 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया जारी है। इसमें प्राचार्य के 111 पद और सहायक आचार्य (असिस्टेंट प्रोफेसर) के 1,936 पद शामिल हैं।
सहायक आचार्य पदों के लिए लिखित परीक्षा 19 और 20 नवंबर 2026 को प्रस्तावित है। इन नियुक्तियों से विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ाने तथा गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
माध्यमिक शिक्षा में 3,504 पद
माध्यमिक शिक्षा विभाग में कुल 3,504 पदों पर चयन प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। इनमें 897 सहायक अध्यापक और 2,607 प्रवक्ता (पीजीटी) के पद शामिल हैं।

सहायक अध्यापक पदों के लिए परीक्षा 3 और 4 दिसंबर 2026 को तथा प्रवक्ता पदों के लिए परीक्षा 15 और 16 दिसंबर 2026 को आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।
बेसिक शिक्षा में 11,508 पद
शिक्षा क्षेत्र में प्रस्तावित भर्तियों में सबसे बड़ा हिस्सा बेसिक शिक्षा विभाग का है। प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक प्राथमिक शहरी (अर्बन) के 11,508 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। इन पदों के लिए परीक्षा 3 और 4 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है।
इसके अलावा बेसिक शिक्षा विभाग में विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (स्पेशल टीईटी) का भी आयोजन किया जा रहा है।
शिक्षा क्षेत्र में 17 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी
छह माह में एक लाख सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराने के लक्ष्य में शिक्षा क्षेत्र के विज्ञापित 17,059 पद लगभग 17 प्रतिशत की हिस्सेदारी रखते हैं। इनमें 11,508 प्राथमिक सहायक अध्यापक, 2,607 प्रवक्ता, 1,936 सहायक आचार्य, 897 माध्यमिक सहायक अध्यापक और 111 प्राचार्य के पद शामिल हैं।
सरकार और चयन आयोग की ओर से भर्ती प्रक्रिया में तेजी से प्रदेश के युवाओं को सरकारी सेवा में आने के नए अवसर मिल रहे हैं। प्राथमिक विद्यालयों से लेकर महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों तक विभिन्न स्तरों पर होने वाली इन नियुक्तियों से शिक्षा व्यवस्था को आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराने और उसे और मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
‘मिशन रोजगार’ के तहत चल रही इन भर्तियों को प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।