Bihar News : तीन माह से मानदेय नहीं मिलने पर रसोइया यूनियन नाराज, 28 सितंबर को लोकभवन मार्च में शामिल होंगी हजारों रसोइया
संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।
बिहार राज्य विद्यालय रसोइया यूनियन (एटक) की बैठक बलिराम भवन के सभागार में वीणा देवी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय रसोइयों को पिछले तीन माह से मानदेय नहीं मिलने पर गहरी नाराजगी जताई गई। यूनियन ने सरकार और संबंधित विभाग से लंबित मानदेय का अविलंब भुगतान करने की मांग की।
बैठक में रसोइयों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। यूनियन ने रसोइयों की सेवानिवृत्ति की आयु सीमा 60 वर्ष से बढ़ाकर 65 वर्ष करने की मांग उठाई। इसके अलावा मृत रसोइयों के आश्रितों को चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि का शीघ्र भुगतान करने तथा मध्याह्न भोजन योजना से एनजीओ को हटाकर रसोइयों की भूमिका को मजबूत करने की मांग की गई।

यूनियन ने रसोइयों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में शामिल करने की मांग भी उठाई। यूनियन नेताओं ने कहा कि रसोइया लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर संघर्ष कर रही हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो पाया है।
बैठक में आगामी 28 सितंबर को पटना में विभिन्न जन संगठनों की ओर से आयोजित लोकभवन मार्च को लेकर भी रणनीति बनाई गई। यूनियन ने कहा कि पश्चिम चंपारण जिले से हजारों की संख्या में रसोइया इस मार्च में शामिल होंगी। इसके लिए संगठन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को लिखित सूचना भी दी गई है।
बैठक को बिहार राज्य विद्यालय रसोइया यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश क्रांति, जिला अध्यक्ष लालबाबू राम सहित अन्य रसोइया नेताओं ने संबोधित किया। नेताओं ने अधिक से अधिक संख्या में रसोइयों से पटना में आयोजित मार्च में शामिल होने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान रसोइयों से 15216 ट्रेन से पटना चलने का भी आह्वान किया गया। यूनियन नेताओं ने कहा कि अपनी मांगों को सरकार तक मजबूती से पहुंचाने के लिए आंदोलन को व्यापक बनाया जाएगा।