Agra News :महाड़ सत्याग्रह संदेश यात्रा का चौथा दिन, जामनगर में बुद्ध विहार में हुआ कार्यक्रम
जामनगर, गुजरात। महाराष्ट्र के कोलाबा (रायगढ़) स्थित महाड़ सत्याग्रह की 100वीं वर्षगांठ के अवसर पर बौद्धों के राष्ट्रीय संगठन ‘धम्मभूमि श्रेष्ठ जीवन के लिए’ द्वारा गुजरात में निकाली जा रही महाड़ सत्याग्रह संदेश यात्रा के चौथे दिन 19 सितंबर 2026 को जामनगर स्थित आम्रपाली बुद्ध विहार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत रात करीब 7:30 बजे हुई।
कार्यक्रम की शुरुआत महाकारुणिक भगवान बुद्ध एवं बोधिसत्व बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद श्रद्धेय भिक्खु प्रज्ञा रत्न थेरो ने उपस्थित लोगों को त्रिशरण एवं पंचशील ग्रहण कराया।

बैठक में यात्रा का नेतृत्व कर रहे धम्मभूमि श्रेष्ठ जीवन के लिए के राष्ट्रीय महासचिव हरि गौतम विमल ने महाड़ के चोबदार तालाब सत्याग्रह के संपूर्ण घटनाक्रम, उसके परिणाम तथा बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के भाषणों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने महाड़ सत्याग्रह संदेश यात्रा के उद्देश्य और यात्रा के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी भी उपस्थित लोगों को दी।
इस अवसर पर धम्मभूमि श्रेष्ठ जीवन के लिए की आगरा जिला यूनिट के अध्यक्ष श्रद्धेय लाखन सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने महाड़ सत्याग्रह के ऐतिहासिक महत्व और सामाजिक चेतना के संदर्भ में अपनी बात रखी।
कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन गुजरात प्रदेश के बौद्ध विचारक एवं सामाजिक नेतृत्वकर्ता श्रद्धेय कुमार बौद्ध द्वारा किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में उपासकों ने सहभागिता की और महाड़ सत्याग्रह के इतिहास एवं उसके सामाजिक संदेश पर चर्चा की।

कार्यक्रम के दौरान उपासकों के बीच महाड़ सत्याग्रह के अवसर पर बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा दिए गए दोनों भाषणों को संकलित कर तैयार की गई पुस्तक ‘चेतना की आग को बुझने न दीजिए’ तथा संबंधित पम्पलेट्स का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने महाड़ सत्याग्रह संदेश यात्रा के उद्देश्य की सराहना की तथा यात्रा को अपना सहयोग देने का आश्वासन दिया। आयोजकों के अनुसार, यात्रा का उद्देश्य महाड़ सत्याग्रह के इतिहास, बाबा साहब के विचारों और सामाजिक समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।