Bihar News : अवैध अतिक्रमण और अनियंत्रित पार्किंग के खिलाफ नगर निगम बेतिया की कार्रवाई
संवाददाता मोहन सिंह
बेतिया, पश्चिमी चंपारण।
बेतिया नगर निगम द्वारा शहर में सुगम, व्यवस्थित एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अवैध अतिक्रमण एवं अनियंत्रित पार्किंग के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत खुदाबख्श चौक से राजदेवड़ी, राजगुरु चौक, टी.के. मुखर्जी चौक, द्वारदेवी चौक, उत्तरवारी पोखरा होते हुए छावनी चौक तक कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया। वहीं, यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की गई। नगर निगम की टीम ने संबंधित क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए दुकानदारों एवं वाहन चालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
यातायात व्यवस्था प्रभावित होने पर कार्रवाई
नगर निगम की ओर से बताया गया कि सड़कों पर अवैध अतिक्रमण और अनियंत्रित पार्किंग के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। इससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी होती है तथा दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि बेतिया शहर में सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध अतिक्रमण और अनियंत्रित पार्किंग के विरुद्ध अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।
नागरिकों से सहयोग की अपील
नगर निगम बेतिया ने दुकानदारों, वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न करें। वाहन चालकों से वाहनों को निर्धारित एवं उचित स्थान पर ही पार्क करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है।
नगर निगम ने नागरिकों से अतिक्रमण मुक्त, स्वच्छ एवं व्यवस्थित बेतिया शहर बनाने में नगर निगम एवं प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया है।