Bihar News :सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के तहत योजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता पर जोर
संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया, पश्चिमी चंपारण
जिले में सार्वजनिक परिसंपत्तियों के सुदृढ़ीकरण, अनुरक्षण एवं जनसुविधाओं के उन्नयन के उद्देश्य से शुरू किए जा रहे ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ को सफल बनाने को लेकर जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर विभागवार तैयारियों एवं कार्ययोजना की समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल नई परिसंपत्तियों का निर्माण करना नहीं है, बल्कि पूर्व से उपलब्ध सार्वजनिक परिसंपत्तियों को बेहतर, उपयोगी एवं जनोपयोगी बनाना भी है। अभियान के तहत विद्यालय भवन, स्वास्थ्य संस्थान, आंगनबाड़ी केंद्र, सामुदायिक भवन, पेयजल परिसंपत्तियों सहित विभिन्न जनसुविधाओं से जुड़े कार्य किए जाएंगे।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय एवं अभिसरण के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं के चयन एवं क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए।
बैठक में निर्देश दिया गया कि चयनित योजनाओं की सेवा संकल्प पोर्टल पर अगले सात दिनों के भीतर प्रविष्टि पूर्ण कर ली जाए। अभियान के तहत रख-रखाव एवं सौंदर्यीकरण से संबंधित कार्यों को 30 नवंबर 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं, स्वीकृत नई आधारभूत संरचनाओं से संबंधित कार्यों को अभियान की निर्धारित अंतिम तिथि 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को अभियान की प्रगति की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि अभियान का प्रत्यक्ष लाभ आम लोगों को मिले तथा जिले में उपलब्ध सार्वजनिक परिसंपत्तियों का बेहतर रख-रखाव और समुचित उपयोग सुनिश्चित हो।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त काजले विभव नितिन सहित जिलास्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े रहे।