Bihar News : बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करेगा भारतीय किसान संघ
संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली
बखरी बड़ाई पंचायत के फरीदपुर ग्राम स्थित कृषि साख सहयोग समिति के सब्जी मंडी भवन परिसर में भारतीय किसान संघ की जिला कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संघ के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने की। बैठक के दौरान जिले में आई बाढ़ की विभीषिका और उससे उत्पन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
वक्ताओं ने कहा कि जिले में बाढ़ की स्थिति के कारण बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं। कई लोग अपने घर-बार छोड़कर मुख्य सड़कों पर शरण लेने को मजबूर हैं। बाढ़ के कारण किसानों और आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक में बताया गया कि भारतीय किसान संघ द्वारा बाढ़ पीड़ितों की सहायता तथा उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए कई योजनाएं बनाई गई हैं। संघ के कार्यकर्ता बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जाकर पीड़ितों से मिलेंगे और उनकी समस्याओं की जानकारी लेकर उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
बैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने किसानों के समक्ष उत्पन्न समस्याओं के कारणों तथा उनके समाधान के उपायों पर विचार-विमर्श किया। साथ ही, किसानों के हित में आवश्यक कदम उठाने पर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष मनोज जायसवाल, जिला मंत्री समरेश सिंह, मुन्ना सिंह, सुरेश प्रसाद राम, नवल किशोर प्रसाद, विमल प्रसाद सिंह, रामबली पासवान, प्रभु दयाल सिंह सहित भारतीय किसान संघ के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।