Bihar News : अंचल कार्यालय राजापाकर परिसर में भूमि विवाद निवारण शिविर आयोजित, कई मामलों की हुई सुनवाई

WhatsApp Image 2026-08-29 at 4.46.17 PM
Share News

संवाददाता राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली। राजापाकर अंचल कार्यालय परिसर में भूमि विवादों के निवारण को लेकर भूमि विवाद निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में भूमि से संबंधित समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे, जहां अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न मामलों को सुना और उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अंचलाधिकारी की अनुपस्थिति में अंचल निरीक्षक चंदन कुमार एवं राजस्व कर्मचारी सनी कुमार ने शिविर में पहुंचे फरियादियों की भूमि संबंधी समस्याओं को सुना। वहीं, शिविर में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से थाना अध्यक्ष गौरी शंकर बैठा भी मौजूद रहे।

शिविर में म्यूटेशन (दाखिल-खारिज) से संबंधित मामलों में फरियादियों को बताया गया कि राजस्व कर्मचारियों द्वारा स्थल एवं अभिलेखों की जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के बाद म्यूटेशन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाएगी।

वहीं, परिमार्जन से संबंधित मामलों में फरियादियों को साइबर कैफे/दुकान के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने की सलाह दी गई। साथ ही आवेदन में सही-सही खाता संख्या, खेसरा संख्या एवं रकबा दर्ज करने का निर्देश दिया गया, ताकि राजस्व कर्मचारी द्वारा जांच के बाद आवेदन को अंचलाधिकारी के लॉगिन पर भेजा जा सके और आवश्यक सुधार की कार्रवाई की जा सके।

शिविर के दौरान धारा 144 से संबंधित भूमि विवाद के मामलों की भी सुनवाई की गई। इनमें सोनी परवीन, पिता मोहम्मद हारुन रशीद बनाम मोहम्मद अख्तर, पिता शेख अब्दुल के मामले की भी सुनवाई हुई। मामले में वादिनी सोनी परवीन उपस्थित रहीं, जबकि प्रतिवादी मोहम्मद अख्तर अनुपस्थित रहे। अंचल निरीक्षक चंदन कुमार ने मामले में दोनों पक्षों को अगले शनिवार को संबंधित दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया।

भूमि विवाद निवारण शिविर में प्रधान सहायक राकेश रंजन, अंचल निरीक्षक चंदन कुमार, राजस्व कर्मचारी सनी कुमार, डाटा एंट्री ऑपरेटर निशांत कुमार सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे। शिविर में भूमि विवाद से संबंधित अनेक फरियादियों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

Trending News