Agra News : डीएम मनीष बंसल ने सुनी दिव्यांगों की फरियादें, विशेष कैंप लगाकर योजनाओं से जोड़ने के निर्देश
आगरा। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कलेक्ट्रेट में दिव्यांगजनों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। दिव्यांगजनों ने आवास, पेंशन, राशन कार्ड, अंत्योदय कार्ड समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाए जाने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र दिव्यांगजनों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए और उन्हें शासन की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाए।
दिव्यांगजनों की ओर से पेंशन की राशि बढ़ाकर ₹5 हजार प्रतिमाह किए जाने तथा 200 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई। जिलाधिकारी ने उनकी मांगों को गंभीरता से सुना और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

डीएम ने कहा कि पात्र दिव्यांगजन सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहें। इसके लिए जिले में विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे, जहां दिव्यांगजनों के आवेदन लिए जाएंगे तथा पात्रता के अनुसार उन्हें विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
कैंप में दिव्यांगजनों के आवास, पेंशन, अंत्योदय कार्ड और राशन कार्ड से संबंधित आवेदन और समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि जरूरतमंद और पात्र दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
बैठक के दौरान मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल और अन्य सहायक उपकरणों के वितरण का मुद्दा भी सामने आया। इस संबंध में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को एएलआईएमसीओ से पत्राचार करने और पात्र दिव्यांगजनों को नियमानुसार उपकरण उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि दिव्यांगजनों की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
प्रशासन की इस पहल से दिव्यांगजनों को उम्मीद है कि विशेष शिविरों के माध्यम से उन्हें आवास, पेंशन, राशन कार्ड, अंत्योदय कार्ड और सहायक उपकरण जैसी सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।